युवती से बीच सड़क पर की छेड़छाड़, फेसबुक पर लाइव हो युवती ने दर्ज कराई शिकायत, दोनों गिरफ्तार !
गुरुग्राम: विषम परिस्थिति में अपनी सूझबूझ से एक युवती ने खुद और अपनी सहेली को छेड़छाड़ करने वालों से न केवल बचाया बल्कि उन्हें पकड़वा भी दिया। देर रात एक बजे दिल्ली जाने के लिए निकली दो युवतियों के साथ शराब के नशे में धुत युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दुष्कर्म और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। उनकी कैब को रोक लिया। एक युवती ने तत्काल फेसबुक पर लाइव वीडियो चला दिया। उसे देख दोनों युवक कार में बैठकर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मूलरूप से दिल्ली की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि डीएलएफ फेज-एक थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित एक आश्रम में काम करती है। गांव में ही किराए पर ही रहती है। उन्होंने बताया कि रात एक बजे पिता का फोन आया कि बहन की तबीयत खराब हो गई है। ऐसे में वह और उसकी सहेल दिल्ली घर जाने के लिए रात सवा एक बजे निकलीं। जैसे ही घर से कुछ दूर ही पैदल चली, तभी गांव में दो युवक कार में शराब पी रहे थे। उन्होंने रास्ता रोककर छेड़छाड़ शुरू कर दी। किसी वहां से निकलकर गुरुग्राम-फरीदाबाद मुख्य रोड पर पहुंच गए। दिल्ली जाने के लिए कैब बुक की थी। युवती ने उसी दौरान पुलिस पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना भी दे दी।
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर जैसे ही युवतियों की कैब आई, तभी युवक भी पीछे से आ गए। कैब का रास्ता रोक लिया। वे परेशान करने लगे। दोनों ने कैब का दरवाजा भी खोल लिया। युवतियों ने जाने के लिए बोला, लेकिन वह नहीं माने। उनका मोबाइल नंबर मांगने लगे। ऐसे में एक युवती ने हिम्मत दिखाते हुए अपने फेसबुक पेज पर लाइव वीडियो शुरू कर दिया। फेसबुक पर लाइव वीडियो चलता देख आरोपी अपनी कार लेकर फरार हो गए। युवकों के फरार होते ही कुछ मिनटों में पुलिस भी मौके पर पहुंची। उसके बाद मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को तीन घंटे में गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जमानत पर छोड़ दिया गया। डीएलएफ फेज-1 के थाना प्रभारी अजय मलिक ने बताया कि मामला दर्ज कर तीन घंटे के अंदर दोनों युवकों की पहचान कर उनको गिरफ्तार किया गया। दोनों को जमानत पर छोड़ दिया गया है। मामले की जांच जारी है।