राजगढ़ गांव में स्थापित होगी शौर्य चक्र शहीद हरि सिंह चौहान की प्रतिमा
रेवाड़ी : राजगढ़ गांव में 19 फरवरी को शौर्य चक्र प्राप्त वीर शहीद हरि सिंह चौहान की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। महज 26 वर्ष की उम्र में शहादत देने वाले हरिसिंह के सम्मान में होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ ही कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारीलाल व पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा विशेष रूप से पहुंचेंगे। उपरोक्त जानकारी देते हुए शहीद के परिवार से अनंतपाल सिंह ने बताया कि 19 फरवरी को राजगढ़ में सुबह 9 बजे हवन कर मूर्ति स्थापना की जाएगी।
यहाँ बता दें कि 55 आरआर बटालियन में तैनात हरिसिंह 18 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकवादियों से लोहा लेते शहीद हो गए थे। अदम्य साहस के धनी हरिसिंह ने एक बार जहां आतंकवादियों को जिंदा पकड़ा था, वहीं पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के पश्चात आतंकवादियों का सफाया करते समय 18 फरवरी को उन्होंने शहादत दी।
उनके इसी बहादुरी के पराक्रम को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया गया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से 15 अगस्त 2019 को शहीद हरी सिंह को शौर्य चक्र दिए जाने को मंजूरी दे दी गई थी। शौर्य चक्र शहीद की वीरांगना राधा को राष्ट्रपति के हाथों दिया जाना था, मगर कोरोना महामारी के चलते यह सम्मान शहीद के घर तक पहुंचकर परिजनों को सौंपा गया।
