सनसनी : 2008 में किया प्रेम था विवाह, वैलेंटाइन डे पर करदी पत्नी की गला घोंटकर हत्या !

गाज़ियाबाद: कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर पांच निवासी एक युवक ने सोती हुई पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने बाएं हाथ की कलाई की नस काट ली। सुबह करीब नौ बजे हाथ जेब में डालकर आरोपी पति घर से निकलकर पड़ोस के खाली प्लॉट में पहुंचा। वहां वह बेहोश हो गया। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। बता दें कि आरोपी देवजीत ने पूजा से 13 साल पहले लव मैरिज की थी और वैलेंटाइन डे के दिन उसने जिस तरह से पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी करने की कोशिश की उससे सब हैरान हैं |
गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर चार स्थित जिस फ्लैट के कमरे में देवजीत ने पत्नी की हत्या की, वहां पर पूजा ने ऑनलाइन कक्षा के दौरान पढ़ाने के लिए व्हाइट बोर्ड लगाया था। पुलिस को इसी पर देवजीत द्वारा लिखा सुसाइड नोट मिला है। जिस प्यार को देवजीत 13 साल पहले अपनी जिंदगी में लाए थे उसे कैसे अपने ही हाथों से वैलेंटाइन डे के दिन उजाड़ दिया।
घटना के उस पूरे दिन क्या-क्या हुआ और उस दहला देने वाले सुसाइड नोट में देवजीत ने क्या-क्या लिखा सुसाइड नोट मेें : 
-व्हाइट बोर्ड पर देवजीत ने लिखा कि बताने के लिए कुछ नहीं बचा है। मैं बिना किसी दबाव के यह कृत्य कर रहा हूं। मेरी पत्नी ने कई बार मुझे रोकने की कोशिश की, मगर मैं पिछले करीब 15 दिनों से गलतियों पर गलतियां करता गया। इसका मुझे अहसास भी नहीं हुआ। मैंने सभी को अंधकार में रखा। किसी को नहीं पता था। यह सब मेरी ही मूर्खता है। मेरे बच्चे का ख्याल रखना। मेरी पत्नी का इसमें कोई कसूर नहीं है। इसके साथ ही सुसाइड नोट में ऊपर 14 फरवरी पूजा, रात 11:35 बजे और 15 फरवरी देव, सुबह पांच बजे लिखा है।
पुलिस को अंदेशा है कि उसने लिखा है कि रात 11:35 बजे पूजा की हत्या की है। सुबह पांच बजे उसने आत्महत्या की कोशिश की है। वहीं, सुसाइड नोट और सीसीटीवी फुटेज के समय में काफी अंतर है। सुसाइड नोट के अनुसार देवजीत ने सुबह पांच बजे आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन फुटेज में वह सुबह 9:10 बजे फ्लैट से निकलता दिख रहा है। पुलिस मान रही है कि कलाई की नस कटी होने के चार घंटे तक कोई बैठा नहीं रह सकता है। इससे पता चल रहा है कि उसने सुबह पांच बजे के बजाय नौ बजे के आसपास नस काटी है।
दोपहर करीब तीन बजे कौशांबी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर देवजीत का बयान रिकार्ड किया। बयान और जांच के आधार पर पुलिस ने बताया है कि देवजीत ने रविवार रात में ही सोते समय पूजा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर पर ही रहा। सोमवार सुबह अपनी कलाई की नस काटी है। फिलहाल देवजीत की हालत चिंताजनक होने के चलते पुलिस उससे इस कृत्य के पीछे के कारणों का पता नहीं कर सकी है। दिल्ली निवासी पूजा के मायके वाले मौके पर पहुंच गए हैं। जबकि असम निवासी देवजीत के परिजन भी जानकारी मिलने पर यहां के लिए रवाना हो चुके हैं।
पुलिस की जांच सामने आया कि देवजीत रविवार को पूजा और रेहान के साथ ईस्ट पार्क रोड करोलबाग दिल्ली स्थित अपने ससुराल गया था। वहां पर रेहान को छोड़कर रात करीब 9.54 बजे पूजा के साथ लौटा था। दोनों शांतिपूर्ण तरीके से घर आए थे। ससुराल वालों ने भी किसी तरह के विवाद का पुलिस से कोई जिक्र नहीं किया है। वह अक्सर बच्चे को नानी के यहां छोड़ आया करते थे। रात में अचानक हुई इस घटना से आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले ही वारदात को अंजाम देने की साजिश रची होगी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 14 वर्ष पूर्व देवजीत ने इस मकान को खरीदा था। कुछ समय पूर्व आर्थिक स्थित ठीक नहीं होने पर बैंक का लोन नहीं भर पाए। इस पर बैंक ने मकान को सील कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, ससुराल वालों ने मदद कर रुपये जमा किए इसके बाद यह सील खोली गई। एसएचओ कौशांबी महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस आर्थिक तंगी, समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। युवक के होश में आने पर ही बातचीत के बाद पूरा मामले स्पष्ट हो सकेगा।