राजनैतिकहरियाणा

जनता मांगे उपमंडल फर्रुखनगर : उपमंडल बनाने में संकोच न करे सरकार !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : उपमंडल का दर्जा मिलने से फर्रुखनगर क्षेत्र के विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। सीधे तौर लोगों को एक छत के नीचे ही न्याय तो मिलेगा ही साथ में युवाओं के लिए रोजगार के द्वार भी खुल जाएंगे। उप मंडल बनने से आमजन को भी लाभ प्राप्त होगा। उपमंडल स्तर की सुविधाओं के लिए गुरुग्राम ,पटौदी के चक्कर लगाने के क्षेत्रवासियों का समय और दोनों की हानि नहीं होगी।
गांव फाजिलपुर के सरपंच गोविंद यादव, पालिका पार्षद अशोक कोहली, दीपक यादव मौहम्मदपुर, सुभाष चंद सिसोदिया मुबारिकपुर, भूपेंद्र यादव, सुरेश भाटोटिया खुर्रमपुर, अमित पहलवान कारौला, अजीत चौहान सुल्तानपुर,चौधरी धर्मबीर सिंह धनखड, आदि का कहना है कि फर्रुखनगर क्षेत्र उप मंडल का दर्जा पाने का वास्तव में हक रखता है। जब एक जिले में चार उप मंडल बन सकते है तो फर्रुखनगर उप मंडल बनाने में सरकार को किसी प्रकार का संकोच नहीं होना चाहिए। तहसील स्तर तक के तो सभी कार्य फर्रुखनगर में लोगों के आसानी से हो जाते है। लेकिन कोर्ट केस व उप मंडल सम्बधित कार्यो के लिए क्षेत्रवासियों को पटौदी या गुरुग्राम जाना पड़ा है। मौके पर अधिकारी मिले या ना मिले कोई गांरटी नहीं होती है। लोगों को कई कई चक्कर लगाने के बाद ही कार्य हो पाते है। फर्रुखनगर क्षेत्र करीब 2 लाख की आबादी को अपनी गोद में समेटे हुए है। नेता लोग चुनाव के समय क्षेत्र की भोली भाली जनता से विकास और क्षेत्र की मांग पूरी करने का आश्वासन देते है। लेकिन जैसे ही वोट का कार्य पूरा होता है वह अपने वायदों को भूल जाते है। क्षेत्र की मांगों को सरकार तक नही पहुंचा पाते है। जिसके कारण फर्रुखनगर क्षेत्र पिछडता जा रहा है। सही नेतृत्व के अभाव में ऐतिहासिक शहर फर्रुखनगर व क्षेत्र का जो विकास होना था उससे आज भी वंचित है। सरकार को चाहिए की वह इलाके की दो दशक से चली आ रही उप मंडल की मांग को स्वीकार करके इलाके का मान बढाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की जो मुहिम है वह वास्तव में जाइज है। इसके लिए इलाके के लोग लाम्बंद होकर मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक के नाम ज्ञापन सौंपे। अगर जरुरत पड़ी तो धरना प्रर्दशन के लिए भी पूरा क्षेत्र एक मत है।