जीएल शर्मा की अगुवाई में ब्राह्मण समाज ने किया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का भव्य अभिनंदन

— अभिनंदन से गदगद नायब सैनी ने ब्राह्मण समाज के प्रति प्रकट की कृतज्ञता
— बोले, ब्राह्मण समाज के आशीर्वाद से केंद्र और प्रदेश में तीसरी बार बनेगी भाजपा की सरकार
गुरुग्राम : सामाजिक समरसता के पैरोकार एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा की अगुवाई में गुरुग्राम के समस्त ब्राह्मण समाज की ओर से सोमवार देर शाम भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का भव्य स्वागत किया गया। शक्ति नगर के भगवान परशुराम भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में ब्राह्मण समाज की अनेक संस्थाओं के पदाधिकारी ने पहुंच कर भाजपा के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए नायब सैनी का जोरदार स्वागत किया। अभिनंदन समारोह अपने निश्चित समय से करीब 3 घंटे देरी से आरंभ हुआ। मौसम की बदमिजाजी और देरी के बावजूद भी ब्राह्मण समाज की संस्थाओं के पदाधिकरियों के साथ सैकड़ो की संख्या में लोग समारोह में डटे रहे। जैसे ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का काफिला परशुराम भवन पहुंचा, शंख ध्वनि और ढोल की थाप के बीच पुजारियों ने वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ उन्हें रोली और चंदन का तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। सैनी के साथ पलवल के विधायक एवं गुरुग्राम भाजपा के प्रभारी दीपक मंगला, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा, गुरुग्राम की जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, महामंत्री मनीष गाडौली भी इस समारोह में शामिल थे। यहां पहुंचते ही लोगों ने भारत माता की जय, विजय भाजपा, तय भाजपा के नारे लगाते हुए नायब सैनी को फूल मालाओं से को लाद दिया। भवन में पहुंचते ही सैनी ने अभिनंदन की परंपरागत औपचारिकताओं के बाद परिसर में बने भगवान परशुराम मंदिर में जाकर माथा टेका और भगवान परशुराम का आशीर्वाद लिया।
यहां से भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा नायब सैनी की आगवानी कर उन्हें समारोह स्थल तक लेकर गए। नायब सैनी जैसे ही हाल में पहुंचे, यहां मौजूद सैकड़ो लोगों ने खड़े होकर भारत मां की जय घोष के साथ उनका अभिनंदन किया। गुरुग्राम के समस्त ब्राह्मण समाज की ओर से जीएल शर्मा की अगुवाई में आदर्श ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष आरपी कौशिक, अन्य ब्रह्मण संस्थाओं के पदाधिकारी में अंबिका शर्मा, बीपी गौड़, नरेंद्र गौड़, एडवोकेट सुरेश शर्मा, राजकिशन कौशिक, अजीत भारद्वाज, भागीरथ भारद्वाज, रामनिवास वत्स, डीसी शर्मा, अनिल अत्री, सोहनलाल कौशिक, पीडी भारद्वाज, महिपाल थानेदार, सतीश शर्मा, बीपी शर्मा, प्रतीक शर्मा, अनमोल भारद्वाज, बनवारी लाल सैनी ने नायब सैनी को सम्मान की पगड़ी बांधी तथा उन्हें भगवान परशुराम का प्रतीक फरसा भेंट किया। अभिनंदन की औपचारिकताओं के बीच ही सीएम विंडो के एमिनेंट सिटीजन महेश वशिष्ठ की अगुवाई में हेमंत शर्मा, ओमकार खुराना, बस्तीराम प्रजापत, सेक्टर 3, 5, 6 आरडब्लूए के प्रधान दिनेश वशिष्ठ, सेक्टर 17 के प्रधान आरडब्लूए हितेश भारद्वाज, जिला पार्षद अशोक शर्मा, मुकेश शर्मा, निवर्तमान निगम पार्षद धर्मवीर, रमेश गोला, हरीश कुमार, डॉ हरिओम वशिष्ठ, डॉ इरा शर्मा, मीनू शर्मा, नेहा वर्मा, मधु खुराना ने नायब सैनी को भगवान परशुराम की तांबे की प्रतिमा स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट की। प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद नायब सैनी का गुरुग्राम में ब्राह्मण समाज की ओर से यह पहला औपचारिक अभिनंदन समारोह रहा। अभिनंदन समारोह के दौरान उपस्थित जन समूह में अपने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष से मिलने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने की होड़ मची दिखाई दी। प्रदेश अध्यक्ष ने सब की भावनाओं की कदर करते हुए सभी के साथ घुल मिलकर तस्वीर खिंचाई, बातचीत की। अभिनंदन समारोह पूरी तरह पारिवारिक समारोह नजर आया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को देखकर एक बार भी ऐसा नहीं लगा कि यह राजनीतिक कार्यक्रम है। पूरा कार्यक्रम पारिवारिक मिलन समारोह की तरह आयोजित हुआ।
अभिनंदन से गदगद सैनी ने ब्राह्मण समाज से मांगा आशीर्वाद
गुरुग्राम ब्राह्मण समाज की ओर से किए गए अभिनंदन से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी गदगद नजर आए। उन्होंने कहा कि यह स्वागत या अभिनंदन उनका नहीं बल्कि भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता का है। भाजपा के सभी सुधि मतदाताओं का है। यह अभिनंदन उन सभी का है जिन्होंने देश और प्रदेश की तरक्की के लिए भाजपा को चुना। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता केंद्र के साथ हरियाणा प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार का गठन करेगी तथा देश और प्रदेश के विकास की गति को रुकने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले और बाद के हालात देश की जनता के सामने है। देश के प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुखिया मनोहर लाल ने अपनी कथनी और करनी को एकसार कर देश और प्रदेश के विकास को नए आयाम दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमेशा ही ब्राह्मण समाज का आशीर्वाद भाजपा को मिलता रहा है। आज फिर वह ब्राह्मण समाज का आशीर्वाद मांगने इस अभिनंदन समारोह में उपस्थित हुए हैं। निश्चित ही ब्राह्मण समाज के आशीर्वाद से केंद्र और प्रदेश में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी।
डबल इंजन सरकार, खोल रही विकास के द्वार : जीएल शर्मा
अभिनंदन समारोह में अपना उद्बोधन रखते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद जिस तरह देश और प्रदेश ने विकास की नई अंगड़ाई ली है उससे साबित होता है कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार विकास के द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि आज देश का वैभव और गौरव नई ऊंचाइयों पर है। यशस्वी मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में हरियाणा प्रदेश विकास का आईना है। जीएल शर्मा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी को भरोसा दिया की प्रदेश का ब्राह्मण समाज भाजपा के साथ था, है और रहेगा। उन्होंने कहा कि निश्चित 2024 में केंद्र और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।