धर्म और समाज की सेवा के लिए राष्ट्र हमेशा अहिल्या बाई का कृतज्ञ रहेगा : जीएल शर्मा

-देवी अहिल्या बाई होल्कर की जंयती पर पाल-बघेल समाज ने लगाई मीठे पानी की छबील
गुरुग्राम : पाल बघेल महासभा की ओर से देवी अहिल्या बाई होलकर चौक पर देवी अहिल्या बाई होलकर की जंयती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान महासभा की ओर से मीठे पानी की छबील लगाकर लोगों को शीतल जल पिलाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे हरियाणा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने महारानी अहिल्या बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप जलाकर उन्हें नमन किया।

जीएल शर्मा ने कहा कि धर्म और समाज की सेवा के लिए राष्ट्र हमेशा महारानी अहिल्या बाई होल्कर का कृतज्ञ रहेगा। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने कई धार्मिक कार्य किए। उन्होंने औरंगजेब द्वारा तोड़े हुए मंदिरों का दोबारा निर्माण करवाया। उन्होंने पूरे भारत में श्रीनगर, हरिद्वार, केदारनाथ, बदरीनाथ, प्रयाग, वाराणसी, नैमिषारण्य, पुरी, रामेश्वरम, सोमनाथ, महाबलेश्वर, पुणे, इंदौर, उडुपी, गोकर्ण, काठमांडू आदि में बहुत से मंदिर बनवाए । प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब वाराणसी की पुरानी गरिमा को वापस दिलाते हुए ‘काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर’ का निर्माण करवाया तो उसमें मराठा साम्राज्य की महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा भी स्थापित की गई। इसका कारण यह है कि उन्होंने ही सन् 1780 में काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण करवाया था। साथ ही मंदिर के व्यय के लिए आमदनी की भी व्यवस्था की। हिन्दू समाज उनके इन कार्यों के लिए महारानी का कृतज्ञ है। उन्होंने कितने ही गांव, जमीन और मकानों की आमदनी की व्यवस्था की थी, जो सैकड़ों वर्षों तक चलती रही और आज भी कई जगह चली आ रही है। ग्रीष्म ऋतु में उन्होंने कई जगह प्याऊ का निर्माण करवाया। शीत ऋतु में वो गरीबों में कंबल, रजाइयां और गर्म कपड़ों का वितरण करती थीं। कुछ खेतों में खड़ी फसल को खरीद कर वो चिड़ियों के चुगने हेतु छोड़ दिया करती थीं। मछलियों के चारे के लिए उन्होंने लोगों की व्यवस्था की थी। कार्यक्रम में पाल बघेल गडरिया समाज के प्रधान प्रमोद पाल, मोहर सिंह, सुघर सिंह पाल, राजबीर सिंह पाल, पूर्ण सिंह बघेल, राजेंद्र सिंह पाल, टेक चंद बघेल, केपी सिंह बघेल, राम बहादुर पाल, प्रभाकर पाल, चंद्रेश कुमार सीए, राम सिंह पाल, राजबीर सिंह बघेल, तेजबीर सिंह बघेल, महावीर प्रसाद बघेल, रामसुख पाल, राम निवास पाल, केदार पाल, भगवान दास पाल, पूनम पाल, रचित पाल, रंजन पाल, सीएम विंडो के एमिनेंट सिटीजन महेश वशिष्ठ उपस्थित रहे।