देश के लिए शहादत देकर अमर हुए भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु एवं राष्ट्र के समस्त शहीद : अमित स्वामी

रेवाड़ी : आज शहीदी दिवस के अवसर पर यंगमैन्स एसोसियेशन ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित स्वामी ने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ संस्था के ऑटो मार्किट स्थित कार्यालय में आज ही के दिन 23 मार्च 1931 को देश के लिए अपनी शहादत देने वाले अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरू तथा समय-समय पर देश के स्वाभिमान, सीमाओं की रक्षा व दुश्मनों को परास्त करने के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाने वाले सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए हार्दिक श्रृद्धांजलि अर्पित की।
1928 को ब्रिटिश हुकूमत के सायमंडस कमीशन के भारत आने के विरोध में अंग्रेजी सरकार द्वारा किये गये लाठी चार्ज में लाल लाजपत राय की मृत्यु हो गई जिसका बदला लेने के लिए भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरू ने शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के साथ ब्रिटिश पुलिस अधिकारी जे.पी.सांडर्स को गोली मार कर लालाजी की मौत का बदला लिया। आजादी का सपना संजो कर रखने वाले शहीद भगत सिंह ने 8 अप्रैल 1929 को अंग्रेजी हुकूमत के दमनकारी नीतियों के विरोध में एसेम्बली हाॅल में अपने साथी बटुकेश्वर दत्त के साथ बम्ब फैंका ताकि अंग्रेजी हुकूमत को सावधान किया जा सके। बम्ब फैंकने के बाद वे वहां से भागे नहीं और भारत माता की जय का पर्चा बांटते रहे और गिरफतार कर लिये गये। बाद में उनके साथ राजगुरू और सुखदेव को भी गिरफतार कर लिया गया तथा 24 मार्च 1931 की तारीख उनकी फांसी के लिए तय कर दी गई। लेकिन देश के द्वारा उनके फांसी के अपार विरोध के कारण ब्रिटिश हुकूमत इतनी डर गई कि उन्हें तय दिन से एक दिन पहले 23 मार्च 1931 को ही फांसी दे दी गई। जिसके लिए सारा राष्ट्र रोया। अमित स्वामी ने कहा कि अमर शहीद भगत सिंह व उनके साथियों ने हंसते हुए देश की आजादी के लिए फांसी के फंदे को अपने गले से लगाया व अपना बलिदान देकर अमर हो गए। उन्होने कहा कि समस्त राष्ट्र उनका सदैव कृतज्ञ रहेगा।