सड़क निर्माण में अडचन बने 152 हरे भरे पेड, सड़क की आस में कच्चा रास्ता भी हाथ से गया !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : सर बसीपुर से राजमाला सी. से. स्कूल फर्रुखनगर तक सरकार द्वारा स्वीकृत जो मार्किटिंग बोर्ड द्वारा बनाई जाने वाली सड़क पर निर्माण के नाम पर अभी तक एक रोडी भी नहीं लगाई गई है। वन विभाग द्वारा रास्ते में अडचन बने विभिन्न प्रजातियों के 152 हरे भरे पेड अडचन बने हुए है। पेड हटाने के लिए मामले की फाईल जिला वन विभाग के दफ्तर बंद अलमारी में कैद होकर रह गई है। बार बार शिकायतों के बाद भी रास्ते से पेडों को नहीं हटाया जा रहा है। जिससे करीब ढाई दर्जन ढाणियों में रहने वाले सैंकडों किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। संतरी से मंत्री तक गुहार के बाद भी समस्या के समाधान पर कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही सम्बंधित विभाग के अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया तो वह धरना प्रर्दशन के लिए मजबूर हो सकते है।
धर्मपाल यादव शिकोपुरिया, श्याम लाल, श्री निवास, लाल चंद सैनी, राजेंद्र सिंह सैनी, मुन्नी यादव, पूर्व पार्षद नीरु शर्मा, मंगल सिंह यादव, ओम प्रकाश, विनोद कुमार, मुकेश , रामानंद, महासिंह सैनी, मूला राम सैनी, लाला राम सैनी आदि ने बताया कि बे चिराग सरबसीरपुर गांव से राज माला सी. से. स्कूल फर्रुखनगर कच्चा रास्ता नंबर 21/23/1, 22/3 जोकि ढाई दर्जन छोटी बड़ी ढाणियों को जोडता है। उक्त रास्ते को पक्का कराने के लिए पूर्व लोक निर्माण राव नरबीर सिंह ने स्थानीय लोगों की मांग पर 25 मई 2017 पक्का करने के लिए सम्बंधित विभाग एचएसएएम बोर्ड पंचकुला को आदेश पारित किए थे। विभागीय अधिकारियों ने जवाब में उक्त रास्ते को पक्का करने की सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली थी। लेकिन उनका कार्यकाल समाप्त होने के कारण मामला अधर में लटक गया था।
मामले को सिरे चढाने के लिए स्थानीय ढाणीवासी विधायक राकेश दौलताबाद से मिले और उन्होंने मुख्यमंत्री से उक्त रास्ते की अर्पूवल कराई और रास्ते के साथ लगती वन क्षेत्र की भूमि की पैमाईस कराई गई। पैमाईस में उक्त रास्ता वन क्षेत्र में दर्शाया गया। वन विभाग द्वारा अपनी वन भूमि की सिमेंटिड पोल गाड कर दी गई निशानदेही के मुताबिक तारफैंसिंग कर दी थी। रास्ते के अंदर खडे 152 सफेदे , अरडू नीम के पेडों को हटाने के लिए विभाग द्वारा नंबर डालकर हटाने की तैयारी कर ली थी। मौजूदा रास्ता किसानों की भूमि के अंदर से था। पैमाईस के बाद किसानों ने उक्त रास्ते को बंद करके तारफैंसिंग कर दी है। जिसके कारण साढे 27 फीट चौडा रास्ता बंद हो गया। रास्ते में 152 पेड खडे है। जिसके कारण किसानों के कृषि सम्बंधित वाहन व अन्य वाहन खेतों में बने घरों में ही पैक होकर रह गए है। रास्ता बंद होने के बाद भी वन विभाग के अधिकारी रास्ते में आये हुए 152 पेडों को हटाने में कोताई बरत रहे है। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। रास्ता पक्का होना तो दूर की बात किसानों को कच्चे रास्ते से भी हाथ धोने पड़ गए है।