गुरुग्राम में बेस्टेक ग्रुप के चीफ सिक्योरिटी आफिसर को मारी गोली !

गुरुग्राम : बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार सुबह धर्म कालोनी निवासी चंद्रपाल यादव को उनके घर के नजदीक ही गोली मार दी। गोली उनके हाथ की कोहनी में लगी। डरने के बजाय चंद्रपाल ने बदमाशों का मुकाबला किया। इस बीच आसपास के लोग भी जुट गए तो बदमाश बचाव में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पालम विहार थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक रेवाड़ी जिले के गांव जुड्डी निवासी चंद्रपाल यादव रियल एस्टेट कंपनी बेस्टेक ग्रुप में चीफ सिक्योरिटी आफिसर के रूप में कार्यरत हैं। वह शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे अपने घर के सामने पार्क में दाढ़ी बना रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे। एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दो बदमाश उनके नजदीक पहुंच गए। एक के हाथ में रिवाल्वर जबकि दूसरे के हाथ में पिस्टल थी। जब तक वह कुछ समझ पाते, इतने में एक ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी।
वहीं दूसरे ने पिस्टल से गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। फायरिंग करते ही चंद्रपाल ने एक कुर्सी उठाकर बदमाशों की तरफ फेंकी। साथ ही मौके पर जो भी सामान था, उसे उठाकर बदमाशों की तरफ फेंका। इस बीच आसपास के लोग भी पहुंच गए तो बदमाश फायरिग करते हुए भाग निकले। चन्द्रपाल ने बताया कि बदमाशों ने पांच-छह राउंड फायर किए। आसपास के लोगों ने उन्हें नजदीक एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सूत्रों के मुताबिक कुछ महीने पहले कुख्यात गैंगस्टर सूबे गुर्जर ने चंद्रपाल यादव को जान से मारने की धमकी दी थी। वह चाहता है कि चंद्रपाल अपनी कंपनी के मालिक से रंगदारी दिलाएं। इस बारे में न ही चंद्रपाल और न ही पुलिस कुछ बोलने को तैयार है।