अडाणी और अंबानी के हाथों की कठपुतली है मोदी सरकार : राहुल गाँधी

मोगा (पंजाब) : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज मोगा में ‘खेती बचाओ यात्रा’ के तहत आयोजित जनसभा में केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार को क्या जल्दी थी कि कोरोनाकाल के दौरान उन्हें विवादित कृषि कानून बनाने पड़े। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अडाणी और अंबानी के हाथों की कठपुतली बन चुकी है। उन्होंने कहा कि हम किसानों के साथ खड़े हैं और एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कृषि कानूनों का विरोध करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी तरह इस कानून का समर्थन नहीं करती। इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील जाखड़ भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने भी कृषि कानूनों की आलोचना करते हुए कहा कि पंजाब में अब नये कृषि कानूनों के खिलाफ जंग छेड़ दी गयी है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा देश का 50 प्रतिशत अनाज पैदा करता है मगर यहां के किसानों के साथ अन्याय हो रहा है।
इस अवसर पर नवजोत सिंह सिद्धू ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अडाणी और अंबानी पूरे पंजाब और पंजाबियों के खिलाफ हैं, उन्हें पंजाब में घुसने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने सारे मुख्यमंत्रियों को संविधान के आर्टिकल 254 के तहत इस कानून को न मानने का रास्ता सुझाया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों का साथ देने के लिये आज पंजाब के मोगा पहुंचे। नये विवादित कृषि कानून को लेकर पंजाब समेत कई जगह किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल गांधी ‘खेती बचाओ यात्रा’ के तहत राज्य में कई जगह किसानों के साथ जनसभा आयोजित करेंगे। जानकारी के अनुसार 3 दिवसीय यात्रा के पहले दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ट्रैक्टर रैली आयोजित करेंगे। इस रैली में उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत अन्य नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी इस जनसभा के बाद मोगा जिले के बधनी कलां में एक हस्ताक्षर अभियान शुरू करेंगे। उसके बाद बधनी कलां से जट्टपुरा तक ‘टैक्टर रैली’ की अगुवाई करेंगे। राहुल की यह यात्रा जट्टपुरा, लुधियाना में समाप्त होगी। लुधियाना में वह दोपहर बाद 4 बजे जनसभा आयोजित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *