हरियाणा : आमदनी अठन्नी खर्चा रूपया, 8 लाख से अधिक नहीं नहीं किया बिजली बिल भुगतान !
चंडीगढ़ : कोरोना काल में हरियाणा के लोगों की आमदनी घटने का असर बिजली निगमों पर पड़ा है। करीब सवा साल के दौरान 8 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता समय पर बिल भुगतान नहीं करने पर डिफाल्टर हो गए। साथ ही निगमों की बकाया राशि 1855 करोड़ रुपये बढ़ गई, जिससे कुल बकाया राशि 6814 करोड़ पहुंच गई है।
डिफाल्टरों में ग्रामीण, शहरी, उद्योगपतियों समेत सरकारी विभाग भी शामिल हैं। पहले जहां करीब 16 लाख उपभोक्ता डिफाल्टर थे, अब इनकी संख्या बढ़कर 2361610 हो गई है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम पर 2104 करोड़ और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम पर 4707 करोड़ रुपये की बकाया राशि है। प्रदेश में करीब 76 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं।
सवा साल पहले 1558232 उपभोक्ताओं पर बिजली निगमों के 4959.61 करोड़ रुपये बकाया थे। शहरी घरेलू उपभोक्ताओं पर 593.37 करोड़ रुपये, ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं पर 2779.66 करोड़, कृषि उपभोक्ताओं पर 177.73 करोड़, गैर घरेलू उपभोक्ताओं पर 487.98 करोड़, इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं पर 572.96 करोड़, सरकारी विभागों पर 347.91 करोड़ रुपये बकाया थे।
निगम के आंकड़ों के मुताबिक कुल बकाया राशि में से सबसे अधिक बकाया राशि घरेलू ग्रामीण उपभोक्ताओं पर 3626 करोड़ रुपये है। खास बात यह है कि किसानों से अधिक राशि उद्योगपतियों पर बकाया है। खेती पर 168 करोड़, जबकि इंडस्ट्रीज पर चार गुना अधिक 768 करोड़ रुपये की राशि बकाया है। वहीं, घरेलू शहरी उपभोक्ता 865 करोड़, नॉन डोमेस्टिक उपभोक्ता 677 करोड़ रुपये के देनदार हैं। इसके अलावा, सिंचाई विभाग, पंचायती राज विभाग, निकाय और शिक्षा विभाग समेत अन्य सरकारी विभागों पर 707 करोड़ रुपये बकाया हैं।