हरियाणा में सुखद संकेत : प्रदेश में 47% बेड हुए खाली, घरों में ऑक्सीजन की मांग 50% तक घटी !

चंडीगढ़ : राज्य में कोरोना संक्रमण लगातार घट रहा है। गुरुवार को 6291 नए मरीज मिले। जबकि 18 दिनों के बाद 150 से कम 146 मौतें हुईं। वहीं, 36 दिन बाद रिकवरी रेट 90% से ज्यादा हो गया है। गुरुवार को 14734 मरीज स्वस्थ हुए।
इतना ही नहीं पिछले 11 दिन में सक्रिय मरीजों में 48% की कमी आई है। 9 मई को सर्वाधिक 1,18,630 सक्रिय मरीज थे जो कम होकर 61,658 रह गए हैं। इसका असर अस्पतालों में भी दिखने लगा है। 10 दिन पहले तक जहां अस्पतालों में बेड की मारामारी चल रही थी, अब प्रदेश के अस्पतालों में 47% बेड खाली हो गए हैं।
प्रदेश में सरकारी और निजी अस्पतालों में कुल 21362 बेड हैं जिनमें से 10123 खाली हैं। इसमें पिछले दिनों शुरू हुए अस्थायी कोविड केयर सेंटरों के बेड शामिल नहीं हैं। वहीं, एक अच्छा संकेत यह भी है कि ऑक्सीजन की हाेम डिलीवरी की मांग भी घटने लगी है।
6 दिनों में घर पर इलाज लेने वाले मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत 50% कम हुई है। 14 मई को गठित की गई विशेष कमेटी ने 18 मीट्रिक टन ऑक्सीजन अलॉट की थी, वहीं 19 मई को सिर्फ 9.50 एमटी ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी। 9 जिलों में घर तक सप्लाई के लिए ऑक्सीजन ही अलॉट नहीं हुई।
प्रदेश का ऑक्सीजन का कोटा 282 मीट्रिक टन है। अन्य स्रोतों से मिलाकर इस वक्त 307 एमटी ऑक्सीजन उपलब्ध है। इसमें हर दिन 298 मीट्रिक टन ऑक्सीजन जिलों को अलाॅट हो रही है। 13 जिलों के 22 इंडस्ट्रीयल प्लांट्स से अस्पतालों को ऑक्सीजन जा रही है। 6 जिलों में पीएसए तकनीक के प्लांट से भी प्रति मिनट 200 लीटर तक ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा है।
प्रदेश में 6 दिनों में अस्पतालों में गंभीर मरीजों के आंकड़ों में कमी आई है। 14 मई को प्रदेश में 9036 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर तो 45 आईसीयू व वेंटिलेटर पर थे। इसके मुकाबले 19 मई को ऑक्सीजन पर 8163 तो आईसीयू व वेंटिलेटर पर 4358 मरीज थे।
प्रदेश में गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्र में कुल 14,29,971 लोगों की स्क्रीनिंग की गई और अब तक कुल 47,57,036 लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी हैं। गुरुवार को 10,124 टेस्ट हुए। अब तक 42,321 टेस्ट हुए हैं। अब तक कुल 2022 लोग पॉजिटिव आए हैं। ग्रामीण क्षेत्र की पॉजिटिविटी दर 4.78%है।