लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए : सीएम मनोहर

गुरुग्राम: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में करीब तीन घंटे तक कोरोना संकट से निपटने के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की। अधिकारियों से आक्सीजन आपूर्ति से लेकर इंजेक्शन व बेड की उपलब्धता के बारे में रिपोर्ट तलब की। साथ ही निर्देश दिए कि लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आक्सीजन की आपूर्ति सुव्यवस्थित करने, आक्सीजन सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने, आक्सीजन कंसेंट्रेटरो का उपयोग करके लिक्विड आक्सीजन की खपत घटाने, रेमडेसिविर इंजेक्शन की उपलब्धता, एंबुलेंसो की मनमानी रोकने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के तेवर तल्ख दिखे। मुख्यमंत्री ने कहा जरूरतमंद के लिए जरूरी खाद्य वस्तुएं जैसे दाल, चावल, आटा खाद्य तेल आदि के रेट नियंत्रित रखने के अलावा मास्क, सैनिटाइजर, ग्लव्स की आपूर्ति हर हाल में होनी चाहिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि रविवार को आक्सीजन की आपूर्ति की स्थिति में गुरुग्राम में पहले की अपेक्षा कुछ सुधार हुआ है। आक्सीजन आपूर्ति देख रहे नगर निगम आयुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि आज व्यक्तिगत आक्सीजन सिलेंडर वितरण के लिए मानेसर में अलग से काउंटर बनाया गया है जहां पर मरीज की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट देख कर ही जरूरतमंद को सिलेंडर दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों में उपलब्ध आक्सीजन कंसेंट्रेटर का भरपूर उपयोग करके लिक्विड आक्सीजन की खपत को कम करने की संभावनाओं का पता लगाएं।