कोरोना का कहर : योगी, अखिलेश सहित कई मुख्यमंत्री और कई पूर्व मुख्यमंत्री भी आये चपेट में !

नई दिल्ली : कोरोना की दूसरी लहर लगातार नए-नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। देश में बुधवार को संक्रमण के 1लाख 84 हजार नए मामले दर्ज किए गए। यह महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिलने वाले नए संक्रमितों का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसमें 1,027 लोगों की मौत हुई है। इसकी चपेट में आम आदमी के अलावा कई मुख्यमंत्री और कई पूर्व मुख्यमंत्री भी आ चुके हैं।
उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। बुधवार को टेस्ट वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यह जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव कोरोना पॉजिटिव पाए गए और उन्होंने खुद को होम आइसोलेशन में कर लिया है। इसके साथ ही उनके सम्पर्क में आए लोगों से अपना कोविड टेस्ट कराने की अपील की है। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा कि अभी-अभी मेरी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी भी कोरोना की चपेट में आ गए। 9 अप्रैल को कोविड-19 के लिए कराई गई जांच में दोनों नेता पाजिटिव पाए गए। मुख्यमंत्री ने पिछले महीने कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उन्हें उपचार के लिए मोहाली के मैक्स अस्पताल शिफ्ट किया गया। वीरभद्र सिंह को एंबुलेंस में चंडीगढ़ ले जाया गया है। पिछले महीने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कोरोना टेस्ट कराया था, जिसमें वे पॉजिटिव पाए गए थे । पिछले महीने ही त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब भी टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने डॉक्टरों की सलाह के अनुसार घर पर खुद को अलग कर लिया था।
इस साल फरवरी महीने में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी वडोदरा में एक नगरपालिका चुनाव रैली को संबोधित करते हुए एक मंच पर बेहोश हो गए थे। बाद में वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने खुद को अलग कर लिया था।