जनता मांगे उपमंडल फर्रुखनगर : फर्रुखनगर का दर्जा बढ़ाकर उपमंडल करने में गुरेज क्यों !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : जिला गुरुग्राम में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बावजूद भी फर्रुखनगर खंड को उपेक्षा की नजर से देखा जा रहा है। सरकार नये नगर निगम का तो गठन करने, गावों को तहसील, उपमंडल का दर्जा देने में जुटी हुई है। सरकार फर्रुखनगर जैसे एतिहासिक शहर का तहसील से दर्जा बढ़ा कर उप मंडल करने में गुरेज क्यों कर है। जब उप मंडल इलाके की मांग ही नहीं बल्कि जरुरत बन गई। उपमंडल बनने के बाद इलाके में विकास की बयार बहेगी।
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अमर नाथ गोयल, भारतीय किसान संघ के युवा जिला अध्यक्ष महेश यादव, अंर्तराष्ट्रीय कराटे कोच राजू किडवाल, समाजसेवी प्रमोद गुप्ता, समाजसेवी राज कुमार बंसल, तरुण किरोडीवाल आदि का कहना है कि प्राचीन काल से ही देश की राजधानी दिल्ली के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में फर्रुखनगर ही शहर लगता था। लेकिन इसका जो विस्तार और विकास होना था उससे यह क्षेत्र आज भी कोसो दूर है। सरकारे बदलती रही लेकिन इस इलाके की उपेक्षा का दौर नहीं थमा। चाहे किसी की भी सरकार बनी लेकिन जब किसी बडे प्रोजैक्ट की बात आती तो फर्रुखनगर इलाके की अनदेखी की गई। जिसके फलस्वरुप इलाका पिछडता ही चला गया।
जो इलाका विधान सभा का दायित्व संभालने में सक्षम है उसे मात्र खंड, तहसील के दर्जे तक ही सिमित रखा गया है। जो इलाके की जनता के साथ राजनीतिक उपेक्षा का खेल खेला जा रहा है। वर्तमान की बीजेपी सरकार के लगातार दूसरे कार्यकाल के भी करीब दो वर्ष पूरे होने जा रहे है। लेकिन विकास के नाम पर इस सरकार में केवल बाइपास, पचास बेड का अस्पताल ही इलाके को नसीब हुआ है। जो क्षेत्र की उन्नति के लिए उंट के मुंह में जीरे के समान है। प्रदेश सरकार को चाहिए वह इलाके ही जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए फर्रुखनगर का दर्जा बढ़ा कर उप मंडल कर देना चाहिए। यह इलाके की मांग ही नहीं बल्कि अब जरुरत बन गई है। इलाके की आबादी और विस्तारीकरण भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि उप मंडल बनाने की मुहिम को लेकर क्षेत्रवासी धरना प्रर्दशन के लिए भी मजबूर हो सकते है।