ठंड से कांपे हरियाणा और पंजाब, दिल्ली में टूटा 15 साल का रिकार्ड !

चंडीगढ़ : हरियाणा और पंजाब में शुक्रवार को भी शीतलहर का प्रकोप रहा और हिसार में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों राज्यों में सुबह में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी घट गयी। हरियाणा के हिसार में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। दोनों राज्यों में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15 साल में सबसे कम 1.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले आठ जनवरी 2006 को शहर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हरियाणा के नारनौल में तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सिरसा, अंबाला, करनाल, रोहतक और भिवानी में क्रमश: दो डिग्री, 4.4 डिग्री, 3.5 डिग्री, दो डिग्री और 3.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
पंजाब में भी ठंड का प्रकोप बना हुआ है। फरीदकोट में शून्य से नीचे 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बठिंडा में 1.2 डिग्री सेल्सियस और अमृतसर में 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पठानकोट में 3.1 डिग्री सेल्सियस, हलवारा में 3.5 डिग्री सेल्सियस, आदमपुर में 3.1 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 4.6 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.8 डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 3 से 5 जनवरी के बीच राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश का भी पूर्वानुमान है। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं।