कांग्रेस पार्टी तन-मन-धन से किसानों के साथ : कैप्टेन अजय सिंह यादव
गुरुग्राम : कांग्रेस कार्यालय कमान सराय गुरुग्राम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री कैप्टेन अजय सिंह यादव ने कांग्रेस पदाधिकारियों सहित प्रेस वार्ता कर किसान आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पूरा देश का किसान एकजुट होकर इन काले कानूनों का विरोध कर रहा है। अब दक्षिणी हरियाणा के किसानों को भी बाहर निकलना चाहिए और देश भर में उठ रही किसानों की आवाज को बुलंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी तन-मन-धन से किसानों के साथ है। जब जहां भी जरूरत पडेगी कांग्रेस पार्टी किसानों को तैयार मिलेगी।
कैप्टेन अजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने कारपोरेट के दबाव में आकर जो काले कानून पास किए हैं, उससे हमारे देश की पूरी की पूरी कृषि व्यवस्था पलट जाएगी। इतना ही नहीं कांट्रेक्ट फारमिंग में किसान भाई कोर्ट का दरवाजा भी नही खटखटा पाएगें, सरकार ने सारी पावर अपने पास ही रखी है। श्री यादव ने कहा कि एमएसपी की मांग को लेकर गांधीवादी तरीके से दिल्ली जा रहे किसानों को जबरन रोकना और भीषण ठंड में वाटर कैनल चलाना भाजपा सरकार की तानाशाही को ब्यां कर रहा है। एमएसपी की गारंटी किसानों का मूल अधिकार है। जब किसान कोई फसल बोता है तो उसे अंदाजा होता है कि उसकी फसल को सरकार कम से कम इस मूल्य के आसपास तो खरीदेगी ही, उसी हिसाब से किसान फसल में खर्च करता है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी, किसानों की पीडा भूलकर काशी में देव दीपावल मना रहे हैं। जोकि बहूत ही पीडा दायक है। इतना ही नही काशी की पवित्र भूमि से भी मोदी जी किसानों के साथ विश्वासघात कर रहे हैं ये बोलकर कि किसानों को विपक्ष भ्रमित कर रहा है। ये कह कर भी मोदी जी ने किसानों का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं को छिन्न-भिन्न कर देश-प्रदेश में अराजकता कायम करना चाहती है और पूंजीपति घरानों के हाथों में खेलकर जनविरोधी नीतियां जनता पर थोप रही है। तानाशाही तरीके से लोगों की आवाज़ को दबाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। परंतु देश के अन्नदाता को मारने के लिए जो तीन काले कानूनों को थोपा गया है वे इस सरकार को ले बैठेंगे। हरियाणा सहित पूरे देश का किसान वर्ग आज एकजुट होकर अपनी पीढिय़ों के भविष्य को बचाने के लिए किसी भी तरह के आंदोलन के लिए तैयार है।
कैप्टेन अजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जो मंसा है उसमें वह कभी कामयाब नही हो सकेगी। तीन कृषि कानूनों के नाम पर केंद्र सरकार देश के किसानों को बर्बाद करना चाहती है। लेकिन अब देश का किसान जाग चुका है, जब तक सरकार किसानों की मांगों को पूरा नही कर लेती तब तक किसान चैन की सांस नही लेंगे। जजपा पार्टी भी किसान हितेषी होने का ड्रामा कर रही है, यदि जजपा किसानों की सच्ची हितेषी है तो भाजपा से समर्थन वापिस ले, जिस तरीके से दादरी से विधायक ने सरकार से अपना समर्थन वापिस लिया है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार अपने ब्यानों से भी रोजाना पलटती रहती है। बिहार चुनाव में कहा था कि भाजपा बिहार वासियों को फ्री वैक्सीन देगी और अब अपनी जुबान से पलट रही है। भाजपा नेता बोल रहे हैं कि अपने कभी नही कहा कि हम बिहार में फ्री वैक्सीन देंगे।
इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष के एल यादव, इंद्र सिंह सैनी, राहुल यादव राष्ट्रीय महासचिव कांग्रेस ओबीसी सैल, लाल सिंह यादव, गुरुग्राम उद्दोग एसोसिएशन प्रधान प्रवीण यादव, जगमोहन यादव, सुधीर चौधरी, सुनिता वर्मा, कार्यालय प्रभारी अशोक भास्कर, राजेश यादव बादशाहपुर, हरपाल सिंह तंवर, अशोक टांक, सुमन सेहरावत, कृष्ण सैनी इत्यादि मौजूद रहे।