पानीपत में दिल दहलाने वाली घटना : आखिर माँ ने कैसे बेच दिया अपना जिगर का टुकड़ा

पानीपत : पानीपत में एक दिल दहला देने वाली घटना में राजनगर की एक महिला ने सिविल अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। पति को मृत बेटी पैदा होने की बात कर गुमराह किया। सात साल बाद झगड़ा होने पर पति को बच्चा बेच देने की बात कह दी। पति ने नगर निगम में आरटीआइ लगाई तो राज खुला कि उसकी पत्नी ने बेटे को ही जन्म दिया है। पुलिस ने पत्नी सहित पांच लोगों के खिलाफ षड्यंत्र, धोखाधड़ी और बच्चे को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज किया है।
गणेश कालोनी में रहने वाले नरेंद्र कौशिक ने पुलिस को शिकायत दी कि चार अक्टूबर 2008 को उसकी शादी राजनगर की अनीता के साथ हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों में विवाद हो गया था। 18 मई, 2011 को पत्नी मायके चली गई। उस समय पत्नी गर्भवती थी। 24 मई को निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराया तो बच्चा स्वस्थ था। बच्चे के पैदा होने की संभावित तिथि 8 अक्टूबर 2011 थी। इसके बाद पत्नी से विवाद चल रहा था। मायके में थी। 12 अक्टूबर को साला अनिल, मामा कुलदीप के साथ उसके घर आया और कहा कि अनीता ने सिविल अस्पताल में मृत बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची को शिवनगर की श्मशान भूमि में दफना दिया है। तब उसने साले पर यकीन कर लिया था। दिसंबर 2018 में पत्नी बाजार में मिली और झगड़ा कर बताया कि उसने बेटी को नहीं, बेटे को जन्म दिया था। बेटे को बेच भी दिया था। वह दो साल की बेटी प्रियंका और चार साल के बेटे दीक्षांत को भी बेच देगी।
इससे उसे पत्नी पर शक हुआ और उसने अपने स्तर पर तहकीकात शुरू की है। आरोप कि पत्नी अनीता ने ससुर सतबीर, सास संतरा, मामा कुलदीप और सतकरतार कालोनी के साहब सिंह ने षड्यंत्र रचकर उसके बेटे को बेच दिया है। इस बारे में थाना शहर प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि उक्त आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बच्चे के बेचे जाने के मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *