मानव कल्याण एवं विश्व शांति के लिए यज्ञ: अमित स्वामी

रेवाड़ी : आज स्थानीय धोलियां कुआं स्थित सिद्धेश्वर मंदिर में कानोड गेट ट्रेडर्स एसोसियेशन की ओर से मानव कल्याण एवं विश्व शांति के लिए हवन का पं. जगमोहन शास्त्री द्वारा आयोजित कराया गया। कार्यक्रम में यंगमैन्स एसोसियेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित स्वामी मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित हुए। इसके अतिरिक्त एसोसियेशन के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी इस पुनीत कार्य में भाग लिया। पूर्णतया विधिवत तरीके से यज्ञ करने के बाद मुख्य यजमान अमित स्वामी ने कहा कि बुरे वक्त में ईश्वर का ही सहारा होता है और उसकी स्तुति करने से मनोबल बढ़ता है और आत्मिक संतुष्टि मिलती है। यज्ञ के पूर्ण होने के बाद अमित स्वामी ने उपस्थित बन्धुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि फिलहाल विश्व बड़े कठिन दौर से गुजर रहा है और भगवान से प्रार्थना है कि सारी स्थिति पूर्णतया ठीक एवं यथावत कर दे। इसके लिए जरूरी है कि हम सच्चे मन से ईश्वर पर विश्वास करें।
अमित स्वामी ने कहा कि ईश्वर के प्रति आस्था मानव सेवा के लिए भी प्रेरित करती है जो मनुष्य के साथ-साथ ईश्वर की सच्ची सेवा है। इसी प्रकार जरूरतमंदों की मदद कर आत्मिक शांति मिलती है। हवन के दौरान यह भी प्रार्थना की गई कि सभी भारतीय छात्र यूक्रेन से सुरक्षित लौटें और हमारे देश दुनिया में किसी प्रकार की हारी-बीमारी ना हो। तत्पश्चात् एसोसियेशन के प्रधान श्री सुरेश शर्मा ‘निरंजन‘, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री गोपाल डहीनावाले, रोहताश यादव और महासचिव प्रवीण गुप्ता ने सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से वासुदेव शर्मा, विनय सोनी, प्रमोद अग्रवाल, मोहन लाल गुप्ता, अश्विनी यादव, विष्णु पटेल, पटेल कुंज गली वाले, महेन्द्र अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, ज्ञानचंद गुप्ता आदि उपस्थित थे।