प्रेम प्रसंग का अंत : लापता महिला और युवक के शव नहर से बरामद, 3 जून से थे गायब !

रोहतक : हरियाणा के रोहतक जिले में शनिवार सुबह जेएलएन नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ। इससे पहले 3 जून को रिठाल गांव के पास नहर से महिला का शव मिला था। दोनों मृतक गांव कलानौर निवासी थे और 3 जून से ही लापता थे। दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
कलानौर थाना प्रभारी राजू सिंधु ने बताया कि मृतका की पहचान 30 वर्षीय महिला आशा वर्कर सीमा के रूप में हुई थी। मृतक का नाम जितेंद्र है। दोनों कलानौर के ही रहने वाले थे और दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। 3 जून को अचानक दोनों गायब हो गए। परिजन तलाश में जुटे थे। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।
छानबीन के दौरान सीमा का शव 3 जून की शाम को ही रिठाल गांव के पास रजवाहे से मिल गया। उसके पैर बंधे हुए थे और गले में कपड़ा लिपटा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। शनिवार सुबह गायब युवक का शव भी मिल गया। पुलिस ने मृतक सीमा के पति की शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।