हरियाणा : लड़की को पर्ची पर लिखकर दिया था मोबाइल नंबर, परिजनों ने कर दी हत्या !

फतेहाबाद : यहाँ के गांव अयाल्की में रविवार रात कुछ युवकों ने एक युवक पर छुरी व डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान अयाल्की निवासी 19 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है।
विवाद कई महीने पहले मृतक द्वारा एक लड़की को मोबाइल नंबर की पर्ची देने को लेकर था। हालांकि एक बार समझौता हो गया था। हत्या की वारदात उसी विवाद से जोड़कर देखी जा रही है। गांव अयाल्की निवासी जगदीप ने बताया कि रविवार को साढ़े 8 बजे वह अपने चचेरे भाई संजय व दोस्त हरदीप के साथ गांव के गुरुद्वारे के पास बैठा था। इसी दौरान फतेहाबाद के अशोक नगर निवासी अमन उर्फ बॉबी, आकाश, शंकर, लव व दो अन्य बाइक पर सवार होकर आए। उन्होंने अपनी बाइक राहुल उर्फ विकास के घर के सामने रोक ली।
इसके बाद विकास को बाहर बुलाया और संजय के बारे में पूछा फिर उससे मारपीट करने लगे। अपने दोस्त विकास पर हमला होते देख संजय उसे छुड़वाने के लिए गया। आकाश ने संजय के पेट में छुरी मार दी, जबकि अमन ने डंडों से चोट मारी। इसके बाद संजय को पीटने लगे। संजय ने शोर मचाया तो अन्य लोग मौके पर पहुंचे। तब तक उसकी मौत हो गई थी।