शर्मनाक : पहले किया गैंग रेप फिर पांच लाख रुपए में दूसरे को बेचा !

पलवल : चांदहट थाना क्षेत्र में एक महिला को बंधक बनाकर तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे पांच लाख रुपए में दूसरे को बेच दिया। जहां उसे एक वर्ष तक बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने अब पीड़िता की शिकायत पर युवती सहित चार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच अधिकारी रामजीवन के अनुसार पीड़ित महिला ने दी शिकायत में कहा कि जून-2019 में कल्लो उर्फ रचना नामक युवती उसे अपने घर ले गई। वहां उसे शिवनारायण, प्रवीण व विकास ने मिलकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने शिकायत में कहा कि कल्लो उर्फ रचना उसे दूध में नशीला पदार्थ पिला देती। फिर बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया जाता। अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी जाती। पीड़िता जब विरोध करती तो उसे हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी जाती।
पीड़िता का आरोप है कि उक्त लोगों ने उससे कई सफेद कागजों पर हस्ताक्षर भी करा लिए। उनके आधार पर उसके पति व ससुर से 20 लाख रुपए भी ऐंठ लिए। जुलाई 2019 को पीड़िता को आरोपी कार में बल्लभगढ़ ले गए और उसकी एक अनजान व्यक्ति से शादी करा दी। बाद में पता चला कि उसे यहां पांच लाख रुपए में बेचा गया है। इसके बाद उसे वहां एक वर्ष तक बंधक बनाकर रखा गया। मौका पाकर वहां से भाग निकली और पुलिस में केस दर्ज कराया।