जाति के स्थान पर आर्थिक आधार पर हो आरक्षण : सूरजपाल अम्मू
गुरुग्राम : करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने कहा कि हमारा एजेंडा जाति और धर्म के स्थान पर आर्थिक दृष्टि से आरक्षण प्रदान करने का है। इसी एजेंडे के आधार पर करणी सेना देश भर में जन जागरण अभियान चलाएगी। यह दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में शहर के एक होटल में आयोजित हुआ।
अम्मू ने इस सम्मेलन में देश के 20 प्रांतों से आए दो सौ से अधिक प्रतिनिधियों को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्षों तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों के प्रशिक्षण के लिए कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। जिसमें संगठन के विस्तार के बारे में कई निर्णय भी लिए गए।
यह भी फैसला लिया कि आर्थिक आधार पर आरक्षण हो। उन्होंने कहा कि हम जाति देखकर आरक्षण नहीं चाहते, हम चाहते हैं कि किसी भी समाज या जाति का व्यक्ति हो, उसे उसके आर्थिक आधार पर आरक्षण का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि करणी सेना भारत का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन है। इसकी शुरुआत राजस्थान से 2006 में हुई थी। जिसका उद्देश्य देश की खुशहाली, समृद्धि, सनातन संस्कृति के मूल्यों को बनाए रखना है। युवा, गरीब और विधवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्कूल कॉलेज और विद्यालयों के लिए प्रयोजन ढूंढना है।
जरूरतमंद बच्चों तथा महिलाओं के लिए रहने की जगह उपलब्ध कराना भी संगठन का उद्देश्य है। सम्मेलन में मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल चंडीगढ़ जम्मू कश्मीर, झारखंड, दिल्ली, गोवा समिति 20 राज्यों के प्रदेश व राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे।