जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : दिखाई देने लगी उम्मीद की किरण !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा)  : उप मंडलीय व जिला स्तरीय कायों के लिए फर्रुखनगर क्षेत्र के गांवों के लोगों के लिए लम्बा सफर तय करना काफी परेशानी भरा हुआ है। दो दशक से इलाके के लोग उप मंडल की मांग करते आ रहे है। लेकिन सरकार द्वारा फर्रुखनगर को उप मंडल का दर्जा नहीं दिया गया है। जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। इलाके के लिए इस बारे सांसद और विधायक द्वारा की जा रही पैरवी से उम्मीद की किरण दिखाई देने लगी है।
डाक्टर नवीन कुमार, श्रीचंद यादव प्रधान, जितेंद्र कुमार, होशियार सैनी, रामभज भगत, रवि शर्मा आदि का कहना है कि फर्रुखनगर को सन 2000 में तत्कालीन पटौदी विधायक रामबीर सिंह के अभक प्रयासों से इनेलों सुप्रीमों चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने तहसील का दर्जा दिया था। लेकिन उसके बाद जो भी सरकारे आई उन्होंने इलाके की जनता को उप मंडल का सजगबाग तो दिखये लेकिन कमजोर पैरवी के कारण इलाके के लोगों के सपने साकार नहीं हो पाये। जिसके कारण इलाके की जो उन्नति और रुतबा मिलना था , उससे वंचित रह गया।
उन्होंनें बताया कि फर्रुखनगर को 52 गांवों का मुख्य केंद्र बिंदू माना जाता है। दिल्ली के बाद यह ही प्राचीन शहर है। यहां के मुख्य बाजार में इलाके के लोग खरीददारी करने तो आते ही है साथ में बिजली, पानी, कृषि, अनाज मंडी, सब्जी मंडी, तहसील, थाना, खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास विकास अधिकारी कार्यालय में भी अपने सम्बंधित कार्य करवा ले जाते है। जिसके कारण उन्हें अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पढ़ते है। फर्रुखनगर ब्लॉक के सभी गांव 10 से 15 किलों मीटर की दूरी पर स्थित है। फर्रुखनगर शहर सेंटर प्वाईंट में होने के कारण लोगों को इसका भरपूर लाभ मिल रहा है। लेकिन जब से पटौदी को उप मंडल का दर्जा दिया गया है। तभी से इलाके के लोगों को जो लाभ मिलना था वह नहीं मिल पाया और उल्टे उनकी समस्या और फटीक ज्याद बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि पटौदी उप मंडल फर्रुखनगर तहसील मुख्यालय के गांवों से 20 से 25 किलो मीटर और जिला मुख्यालय गुरुग्राम 25 से 40 किलों मीटर की दूरी पर होने के कारण लोगों फर्रुखनगर, पटौदी, गुरुग्राम के बीच ही चक्कर काटना मजबूरी हो गई है। फर्रुखनगर उप मंडल बनना इलाके के लिए जरुरी हो गया है।