जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : सीएम का एक आदेश खोलेगा विकास के बंद कपाट !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : फर्रुखनगर इलाके के लोगों की पुरजोर मांग के चलते, जनप्रतिनिधियों के अथक प्रयासों से फर्रुखनगर उप मंडल की फाईल सीएम मनोहर लाल खटटर के आदेश के बाद तेज रफ्तार से सरकारी दफ्तरों में दौड रही है। सीएम द्वारा की जा रही कार्रवाई से इलाके के लोगों को विश्वास हो चला है कि सीएम मनोहर लाल खटटर की करनी और कथनी में कोई कोर कसर नहीं है। सीएम का एक छोटा सा आदेश विकास के बंद कपाट खोलने का कार्य करेगा।
फर्रुखनगर क्षेत्र साइबर सिटी गुरुग्राम का हिस्सा है, अगर उप मंडल का दर्जा मिला तो घोषणा मात्र से ही यह इलाका उद्योगपतियों की पहली पसंद बन सकता है। उप मंडल की मुहिम को सफल बनाने में इलाके के लोग पूरी निष्ठा से जुडे हुए है। उनका मानना है कि उप मंडल फर्रुखनगर के पिछडेपन को दूर करके उसकी खोई हुई प्रतिष्ठा दिलाने में सहायक होगा।
गोविंद सैनी, ओम प्रकाश यादव जोनियावास, सुखबीर सिंह जुडौला, भीम सिंह , रामफूल सिंह जुडौला. श्री भगवान शर्मा आदि का कहना है कि फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की मांग दिनोदिन जोर पकड़ने लगी है। इसको लेकर क्षेत्र की समाजिक व धार्मिक संस्थाओं , अधिवक्ताओं, लम्बरदारों के अलावा ग्राम पंचायतों व आम लोगों सांसाद, विधायक , मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार, जिला उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंप दिए है। उन्होंने कहा कि वर्षों से उपेक्षा का शिकार हुए फर्रुखनगर क्षेत्र को कई वर्ष पहले ही उप मंडल बन जाना चाहिए था। लेकिन लगभग सभी राजनैतिक दलों ने इस ओर कोई प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि फर्रुखनगर मुगलकाल से ही शहर होने का दर्जा रखता है।
वर्ष 2000 में तहसील बनने के बाद से ही यहां के लोग उप मंडल की मुहिम को लेकर संर्घष करते आ रहे है। फर्रुखनगर के बाद अस्तित्व में आई तहसीलों ने उप मंडल, नगर निंगम, विधानसभा का रूप ले लिया है लेकिन फर्रुखनगर की अनदेखी होती रही है। उन्होंने कहा कि फर्रुखनगर क्षेत्र उप मंडल बनने की सभी शर्तों को पूरा करता है। इलाके के लोगों व जनप्रतिनिधियों द्वारा अपनी मांग को पूरा करवाने के लिए जोर शोर से अपनी आवाज को बुलंद की लेकिन अभी तक फर्रुखनगर क्षेत्र को उसका हक नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि फर्रुखनगर को उप मंडल बनना चाहिए इससे पिछडे इलाके का विकास होगा।