किसानों के आंदोलन को तोड़ना चाहती है सरकार : शैलजा

गुरुग्राम: हरियाणा काग्रेंस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि देश के किसानों को केंद्र सरकार मजदूर बनाने पर उतारू है। सरकार किसानों को परेशान कर रही है। सरकार ने तानाशाही से तीन काले कानून बनाए हैं। हथकंडे अपनाकर किसानों के आंदोलन को तोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का किसानों के साथ पूरा समर्थन है।
गुरुग्राम सेक्टर-57 में सुशांत फेस-3 के पूर्व प्रदेश सचिव हरपाल तंवर के निवास पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने प्रेसवार्ता में कहा कि दिल्ली में इलेक्ट्रेड बॉडी की जगह सिलेक्टेड बॉडी बनाई है। केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली के एलजी को और अधिकार दिए जा रहे हैं। कांग्रेस इसका विरोध करती है। उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार घेरा। केंद्र सरकार सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ाती रही है। पहले विपक्ष में रहकर भाजपा चिल्लाकर विरोध करती रही है। अब खुद बढ़ाकर आम आदमी पर महंगाई पर बोझ बढ़ा दिया।
वहीं झाड़सा गांव में प्रदीप सिंह जैलदार के निवास पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा का स्वागत समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में गुरुग्राम जिला एवं हरियाणा प्रदेश के वरिष्ठ नेता समेत कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सैलजा ने कहा कि प्रदीप जैलदार को काफी समय से पार्टी के लिए संघर्ष किया है। एक तरह से युवा उम्र से ही कांग्रेस पार्टी के लिए काम किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।