दीवार के नीचे दबे पांच बाल मजदूर, एक की मौत !

पानीपत : जिले में अहर से ज्‍वाहरा रोड पर कंसल भट्ठे में पांच बच्चों पर दीवार गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 12 साल के बच्चे की मौत हो गई है। एक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। 3 बच्चों को चोटें लगी हैं, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं। थी। हादसा तब हुआ, जब बच्चे ईंटें उठाकर ट्रॉली में भर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली में कैराना के सुंदर नगर निवासी साहिल के रूप में हुई है। उसके पिता इस्लाम और मां भट्‌ठे मजदूरी करते हैं। इस्लाम के तीन बच्चे 6 साल का बेटा सलमान, 12 साल का साहिल और 4 साल का सुबहान घर में खेल रहे थे। उनके साथ 6 साल का सादिक और 9 साल की फातिमा भी थीं।
सुबह के समय ठेकेदार ने पांचों बच्चों को टॉफी और कुछ पैसे देने का लालच देकर ईंटें उठाने के लिए बुला लिया। ईंटें ट्रॉली में भरनी थीं। जैसे ही बच्चों ने ईंटें उठाई, दीवार उनके ऊपर गिर गई। चिल्लाने की आवाज सुनकर इस्लाम और उसकी पत्नी दौड़े आए तो देखा कि साहिल बेहोश था और बाकी बच्चे जोर-जोर से रो रहे थे। आनन-फानन में बच्चों को उठाकर पीजीआई खानपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान साहिल ने दम तोड़ दिया। सादिक की हालत गंभीर है। उसको रोहतक रेफर किया गया है। बाकी तीन बच्‍चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। इस्लाम ने भट्‌ठे के ठेकेदार के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।