जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : जारी है हस्ताक्षर अभियान, बस मुराद पूरी होने का इंतजार !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : उप मंडल की मुहिम को रफ्तार देने के लिए स्थानीय जनता से नेताओं तक ने पूरा जोर लगा दिया है। अब देखना है क्षेत्र की जनता की मुराद कब पूरी होगी। इसके लिए गांव गांव में हस्ताक्षर अभियान अभी भी जारी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटटर द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के नाम लिखे पत्र में उप मंडल की कार्रवाई के लिए आदेश देने की बात लिखना और सम्बंधित विभाग द्वारा एसडीएम पटौदी के नाम समरण पत्र जारी करने से लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। उन्हें अब पूर्ण विश्वास हो चला है कि उनके इलाके का खोया सम्मान लौटाने में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटटर किसी प्रकार की कोर कसर नहीं छोडेंगे।
बीजेपी मंडल अध्यक्ष दौलतराम गुर्जर, कपिल कुमार, धर्मेंद्र ठेकेदार, हरीश सैनी, जोनी सैनी, आनंद सिंह सैदपुर आदि का कहना है कि फर्रुखनगर इलाके हर दृष्टि से उप मंडल बनने का हक रखता है। इसके अंर्तगत 53 ग्राम पंचायते, 500 छोटी बड़ी ढाणी, फर्रुखनगर, तहसील, थाना, सीएचसी , अनाज मंडी, सब्जी मंडी , कृषि खंड कार्यालय, उप खजाना, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय, बिजली दफ्तर आदि सरकारी सुविधाए तो है ही साथ में धार्मिक दृष्टि से भी यह इलाका पूरे भारत में प्रशिद्ध है। खंड के गांव मुबारिकपुर में स्थित बुद्धो माता मंदिर, बुढेडा स्थित मां आशावरी देवी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इतना ही नहीं गांव सुल्तानपुर स्थित राष्ट्रीय पक्षी उद्यान पूरे विश्व के पर्यटकों के आर्कषण का केंद्र है। हजारों की संख्या में आने वाले विदेश पक्षी सभी का मन लुभाने का कार्य करते है।
फर्रुखनगर के कामगारों द्वारा तैयार मुढडे हरियाणा विधान सभा, सूरजकुंड मेला ही नहीं अपितु दूसरे प्रदेशों में लगने वाले हस्तकला मेलों में भी अपनी अमिट छाप के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि फर्रुखनगर का तेजी से होता विस्तार और अतित में देश की आजादी में दिए गए योगदान को ध्यान में रख कर सरकार को चाहिए कि वह फर्रुखनगर को उप मंडल का दर्जा प्रदान करे।