गुरुग्राम में कैब में लिफ्ट देकर लूट लिया कंप्यूटर इंजीनियर !

गुरुग्राम: शहर में लुटेरे कैब चालकों का आतंक थमा नहीं है, एक ताजा मामले में लूटेरों ने एक कंप्यूटर इंजीनियर को अपना निशाना बनाया | मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के शक्ति नगर निवासी प्रियेश राज दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में किराये पर रहकर गुरुग्राम के उद्योग विहार इलाके में संचालित एक निजी कंपनी में कंप्यूटर इंजीनियर के पर पर कार्यरत हैं।
रविवार की सुबह वह ड्यूटी खत्म करके शंकर चौक पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान एक आइ-20 कार पहुंची। उसमें चालक सहित तीन युवक बैठे थे। दो पीछे की सीट पर बैठे थे। उन्होंने समझा कि पीछे बैठे दोनों लोग सवारी हैं। इस वजह से झांसे में आकर बैठ गए। कुछ दूर आगे चलने के बाद पीछे बैठे युवकों ने पिटाई का भय दिखाकर पर्स ले लिया। उसमें 700 रुपये थे। इसके बाद उनके दोनों हाथों से सोने की अंगुठियां ले लीं। एक में सफेद मुंगा पत्थर लगा था। इसके बाद रजोकरी फ्लाईओवर से आगे उतार कर सभी दिल्ली की तरफ चले गए। शिकायत के आधार पर उद्योग विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।