वोट चोरी कर भाजपा ने किया बादशाहपुर की जनता के साथ विश्वासघात: वर्धन यादव
-संविधान को तार-तार कर हरियाणा में भाजपा ने बनाई सरकार, बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में की गई 74 हजार 62 वोटों की चोरी : वर्धन यादव
-राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ किया हरियाणा में सत्ता चोरी का पर्दाफाश: वर्धन यादव
गुरुग्राम: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी द्वारा भाजपा द्वारा हरियाणा विधानसभा चुनाव में षडय़ंत्र के तहत की गई वोट चोरी को तथ्यों के आधार पर उजागर किया जिसके समर्थन में जिला कांग्रेस ने भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कैंडल मार्च भी निकाला।
लोकतंत्र की रक्षा के इस जनआंदोलन में हर एक कांग्रेसी में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बादशाहपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके कांग्रेस के (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने राहुल गांधी द्वारा किए गए खुलासे का पुरजोर समर्थन किया और कहा कि भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में षडय़ंत्र के तहत वोट चोरी कर सरकार बनाई है। संविधान को तार-तार करने का काम किया है। वर्धन यादव का कहना है कि बादशाहपुर विधानसभा की जनता के साथ भाजपा ने 74 हजार 62 वोटों की चोरी कर बड़ा विश्वासघात किया है। भाजपा द्वारा 5 प्रकार से वोट चोरी को अंजाम दिया गया। जैसे 11 हजार 744 फर्जी मतदाता, 7 हजार 437 फर्जी व अमान्य पते, बड़ी संख्या में एक ही पते पर 59 हजार 44 मतदाता, 1234 अमान्य फोटो व 353 गलत आयु के मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे तथ्यों के साथ अपनी बात रखी और भाजपा द्वारा किए गए षडय़ंत्र को सामने रखा कि हरियाणा में 25 लाख से अधिक वोटों में गड़बड़ी कर चुनाव परिणामों को प्रभावित किया गया।
बादशाहपुर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे वर्धन यादव का कहना है कि चुनाव में उन्हें अपार समर्थन मिलने एवं जनता द्वारा मिल रहे सहयोग से वो परिणाम के प्रति पूरे आश्वस्थ थे की बादशाहपुर से कांग्रेस विजयी होगी, लेकिन जब भारी मार्जिन से भाजपा का विधायक जीता तो ये बात वर्धन यादव एवं उनके कार्यकर्ताओं को समझ नहीं आई जिसके बाद से ही उन्होंने निरंतर 8 महीने की मेहनत से एक-एक बूथ को खंगालना शुरू किया। जिसके परिणामस्वरूप उन्हें बादशाहपुर विधानसभा में 74,062 फ़र्ज़ी वोट मिले, जिसकी जानकारी उन्होंने राहुल गांधी को दी। उसके बाद राहुल गांधी की टीम ने धरातल पर सर्वेक्षण किया तो सभी सबूत सही पाए गए फिर राहुल गांधी ने हरियाणा में वोट चोरी को लेकर प्रेस कांफ्रेंस का फैसला लिया।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव का कहना है कि राहुल गांधी जी ने भाजपा द्वारा हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान जो षडय़ंत्र रचकर जनता के साथ धोखाधड़ी की थी, उसको उजागर करने का काम किया है। भाजपा एक लोकतंत्र विरोधी पार्टी है, जो संविधान में बिल्कुल विश्वास नहीं रखती। जब मौका मिलता है तब संविधान को तार-तार करने काम भाजपा करती है। हरियाणा में जो सरकार बनी है, वह फर्जी वोटों के आधार पर जीतकर बनी है। उनका कहना है कि राहुल गांधी ने अपने प्रजेंटेशन में हरियाणा की वोटर लिस्ट दिखाते हुए कहा कि ब्राजील की एक मॉडल ने हरियाणा चुनाव के दौरान 10 बूथ पर 22 बार वोट डाला। इस तरह हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 25 लाख वोटों की चोरी हुई। उन्होंने सबसे पहले हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का वीडियो भी दिखाया। वर्ष 2024 चुनाव परिणाम के 2 दिन पहले मुख्यमंत्री ने एक बाइट दी, जिसमें उन्होंने व्यवस्था का जिक्र किया। अब यह व्यवस्था क्या है। इसके बाद जो परिणाम आया हरियाणा में कांग्रेस चुनाव हार गई। उनका कहना है कि कांग्रेस इस फर्जीवाड़े पर चुप बैठने वाली नहीं है। सडक़ से संसद तक जनता के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी। संविधान को तार-तार नहीं होने दिया जाएगा।
