दलित आईपीएस की मौत व मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की घटना से सडक़ों पर उतरे कांग्रेसी

-जस्टिस गवई पर जूता व आईपीएस आत्महत्या से देश की छवि हुई धूमिल: पंकज डावर
-देश में जगह-जगह दलितों पर भाजपा राज में अत्याचार: वर्धन यादव
गुरुग्राम : देश के मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई पर जूता फेंकने की घटना और चंडीगढ़ में एडीजीपी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में शनिवार को कांग्रेस एससी सैल की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व एससी सैल के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल धानक ने किया। गुडग़ांव जिला कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष पंकज डावर व ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने भी इस प्रदर्शन में शिरकत की।
प्रदर्शन में लोग हाथों में स्लोगन लिखी हुई तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर लिखा था कि-बाबा साहेब का सपना-जाति मुक्त हो भारत अपना, सीजेआई का अपमान-देश का अपमान, संविधान का अपमान-नहीं सहेगी भारत की संतान…। इन्हीं स्लोगन से कार्यकर्ता नारे भी लगाते हुए प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन में मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि देश में आज ऐसी परिस्थिति बन ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी परेशान किए जाते हैं। उन्हें परेशान होकर अपनी जान तक देनी पड़ी है। जातिगत भेदभाव उनके साथ किया गया। यह एक अधिकारी, व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि व्यवस्था पर गंभीर सवाल हैं। पंकज डावर ने देश के मुख्य न्यायाधीश गवई पर जूता फेेंकने की घटना की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना न्यायपालिका के सम्मान के खिलाफ है। पूरे देश और दुनिया में भारत की छवि धूमिल हुई है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयानों को देश के सम्मान से जोडऩे वाली भाजपा अब जस्टिस गवई की घटना पर चुप क्यों है। भाजपा सरकार को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए। यह न्याय और समानता के अधिकार की लड़ाई है।
पंकज डावर ने कहा कि देश के हालातों पर अब सरकार को चिंतन करने की जरूरत है। दलितों का खुलकर उत्पीडऩ किया जा रहा है। संविधान के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश हो रही है। संविधान खतरे में महसूस कर रहा है। उसे बचाने के लिए कांग्रेस हमेशा लड़ती रहेगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता देश के हर उस व्यक्ति के साथ खड़ा है, जिसे किसी न किसी रूप में पीडि़त होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक आला अधिकारी के साथ ऐसी घटना हो सकती है तो फिर देश के आम दलित को क्या उम्मीद होगी। वह तो पीडि़त होता रहेगा। सरकार चैन की नींद सोती रहेगी।
कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने अच्छे दिन लाने का नारा दिया था। मोदी ने ऐसा भारत बना दिया है जहां हॉस्टल ना मिलने की वजह से रोहित वेमुला दलित छात्र को आत्महत्या करनी पड़ती है। देश के ग्रह मंत्री संसद में खड़े होकर कहते हैं कि अंबेडकर अंबेडकर बोलना फैशन हो गया। 400 पार का नारा देकर संविधान बदलने की कोशिश की जाती है। देश के मुख्य न्यायाधीश पर जूते फेंकने की घटना होती है। अमेठी रायबरेली में दलित व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी जाती है। अब हरियाणा में दलित आईपीएस अधिकारी द्वारा दूसरे अधिकारियों के द्वारा उत्पीडऩ किए जाने से आत्महत्या करनी पड़ी है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसा ही भारत देने की बात कही थी। भाजपा को अपने आप पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दलित आईपीएस के लिए न्याय की लड़ाई केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता की है।
विरोध प्रदर्शन के आयोजक कांग्रेस एससी सैल के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल धानक ने कहा कि इन दोनों घटनाओं से दलित समाज में पीड़ा है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस तक भाजपा राज में सुरक्षित नहीं हैं। आम जनता कैसे खुद को सुरक्षित समझे। इन घटनाओं से यह भी साफ हो गया है कि भाजपा दलित विरोधी पार्टी है। ये मनुवादी लोग हैं। इनसे संविधान को खतरा है। ये वही लोग हैं जो दलितों से मंदिर तो बनवा लेते हैं पर मंदिर में जाने से रोकते हैं। उन्होंने देश में दलितों में कई जगह हुए अत्याचारों की घटनाओं को भी सांझा किया। अनिल धानक ने कहा कि देश मनुवाद से नहीं संविधान से चलेगा। बाबा साहेब को मानने के नाम पर भाजपा दिखावा करती है। उन्होंने सवाल किया कि अब भाजपा का बुल्डोजर कहां चला गया। आरोपी राकेश एडवोकेट खुलेआम घूम जा रहा है। जस्टिस गवई ने तो बड़ा दिल दिखाया, लेकिन भाजपा ने अपना राजधर्म नहीं निभाया। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी होनी चाहिए।