रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के प्रांगण में की जाए सम्राट हेमचन्द्र की प्रतिमा की स्थापना : अमित स्वामी

रेवाड़ी : सम्राट हेमचन्द्र विक्रमादित्य समिति एवं यंगमैन्स एसोसियेशन आफ इंडिया के अध्यक्ष अमित स्वामी ने रेलवे मंत्रालय भारत सरकार श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख कर मांग की है कि रेवाड़ी के रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के मध्य प्रांगण में अंतिम हिन्दू सम्राट हेमचन्द्र विक्रमादित्य की विशाल मूर्ति की स्थापना की जाए। अमित स्वामी ने पत्र में कहा कि यह कुतुबपुर रेवाड़ी में 2 अक्तूबर 1501 को राय पूरण मल के यहां जन्मे अदम्य पराक्रमी और अंतिम हिन्दू सम्राट हेमचन्द्र विक्रमादित्य की याद में यह एक छोटा सा सम्मान होगा।
अमित स्वामी ने कहा कि अगर रेलवे मंत्रालय इजाजत दे तो मूर्ति के निर्माण की जिम्मेदारी भी सम्राट हेमचन्द्र विक्रमादित्य समिति ले सकती है। साथ ही उन्होने पत्र में यह भी कहा कि युद्धकला में निपुण, बहादुर और दूरदर्शी इस महान योद्धा को विद्वानों, इतिहासकारों ने मध्यकालीन समुन्द्रगुप्त और नेपोलियन की उपाधि दी है। इन्होंने अपने जीवनकाल में 22 लड़ाईयां लड़ी और जीती तथा दिल्ली के तख्त पर बैठकर 1556 में विक्रमादित्य की उपाधि धारण की और हिन्दू राष्ट्र की स्थापना की। इस महान शासक ने मुगलों के खिलाफ भारत की प्रभुसत्ता और हिन्दू राष्ट्र की नींव रखने के लिए युद्ध लड़े और जीते। दुर्भाग्यपूर्ण 5 नवम्बर 1556 को पानीपत की दूसरी लड़ाई में मुगलों और अकबर के खिलाफ लड़ते हुए बिना मुंह पर सुरक्षा कवच पहने हुए अपने हाथी ‘हवाई‘ पर बैठकर अपनी सेना का मनोबल बढ़ाते हुए मुगलों और अकबर की सेना को लगभग पराजित कर दिया था परन्तु अचानक एक तीर उनकी आंख में लगा और वे बेहोश हो गए। अकबर का सेनापति बैरम खां इस महान हिन्दू सम्राट एवं योद्धा को घायल अवस्था में अकबर के पास ले गया व उनका सर कलम कर दिया। यदि सम्राट हेमचन्द्र अगर यह युद्ध ना हारते तो आज भारत का इतिहास कुछ और होता और भारत को मुगलों के शासन से बचा कर सम्राट हेमचन्द्र विक्रमादित्य एक महान हिन्दू साम्राज्य की स्थापना करते। अमित स्वामी ने बताया कि उन्होंने रेलवे मंत्री से मिलने का समय भी मांगा है ताकि वे समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ मिलकर रेलवे मंत्री से इस संदर्भ में विस्तारपूर्वक चर्चा कर सके और इस कार्य को शीघ्रातिशीघ्र करवा सकें।