सत्ता साध्य है साधन नहीं-ब्रह्मचैतन्य महाराज
-जगत पूरा नहीं मिलता और भगवान अधूरा नहीं मिलता
गुरुग्राम : स्वामी ब्रह्मचैतन्य जी महाराज का कहना है कि सत्ता से सत्य की ओर बढ़ने का नाम ही अध्यात्म है। सत्ता और सत्य का संगम ही रामराज्य की परिकल्पना को साकार कर सकता है। लेकिन विडंबना है कि सत्य की बात तब तक कि जाती है जब तक सत्ता नहीं मिल जाती।
सेक्टर 23 श्री शक्ति मंदिर में चल रहे रामकथा महोत्सव में व्यास पीठ से बोलते हुए स्वामी ब्रह्म चेतन्य ने कहा कि सत्य को सत्ता का साधन बना लिया गया है इस वजह से ही समाज में राजनीतिक विकृति आ रही है।जबकि होना यह चाहिए कि सत्ता को साधन नहीं साध्य बनाना चाहिए। रामराज्य की स्थापना के लिए ये यही एकमात्र मंत्र है।
स्वामी जी ने राम कथा के पांचवे दिन बोलते हुए कहा कि रामचरित्र ही तात्विक, सात्विक व वास्तविक कथा है। कथा के गान,मान, भान, स्थान और श्रोताओं के व्यासपीठ को समर्पित कान ही पांच मुख्य तत्व है। जिससे कथा सार्थक बनती है। उनका कहना है। राम कथा ही मनुष्य को त्याग और वैराग्य का भान कराती है। हाथ से छोड़ी गई वस्तु त्याग कहलाती है जबकि ह्रदय से छोड़ा गया वैराग्य कहलाता है। वैराग्य से ज्ञान मिलता है और ज्ञान से मुक्ति मिलती है। मनुष्य का संकल्प निस्वार्थ है तो उनके संकल्प को पूरा करने व भक्तों को दिये गए वचन को पूरा करने के लिए भगवान का अवतरण होता है। जैसे राजा दशरथ को रानी केकई के राग से निकलकर उन्हें मुक्ति देने, धरा को निश्चरहीन करने का संतो को दिया वचन व नारद के श्राप को पूरा करने के लिए भगवान विष्णु ने न केवल रामावतार लिया बल्कि 14 वर्षो का वन गमन भी धारण किया। रामायण भी यही संदेश देती है कि परहित कर्म ही सत्य है। क्योंकि जगत अधूरा है।केवल भगवान नाम ही पूरा है। संसार किसी को पूरा मिला नहीं और भगवान किसी को अधूरा मिला नहीं। नश्वर संसार में भाव नहीं होता जबकि राम नाम में अभाव नहीं होता है। भगवान का नाम लौकिक से अलौकिकता की ओर ले जाता है। उनके अनुसार गणेश की स्थापना व विसर्जन का अर्थ भी यही है। स्थापना लौकिक है जब ध्यान पूजा से गणेश को ह्रदय से धारण कर लेते हैं तो फिर उनका विसर्जन करना ही अलौकिकता को प्राप्त करना है। आज रामजन्म की भावपूर्ण कथा से स्वामी जी उपस्तिथ श्रोताओं को मंत्रमुग्ध व भावबिभोर कर दिया।
रामजन्म महोत्सव पर वहां उपस्तिथ झूम उठे। इसअवसर पर आरएसएस प्रान्त सामाजिक समरसता संयोजक महेंद्र यादव, विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार प्रचार के मेरठ क्षेत्र के संगठन मंत्री, आरएसएस विभाग प्रचार प्रमुख अनिल कश्यप, मंदिर समिति के विमल शर्मा, महिला प्रमुख मीनू शर्मा आदि मुख्यरूप से मौजूद थे।
