क्राइमहरियाणा

सरपंच के बेटे ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को उड़ाया, डेढ़ माह बाद थी शादी !

पानीपत : जिला के गांव जलालपुर प्रथम के सरपंच के बेटे ने शुक्रवार सुबह लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। सरपंच पिता कमरे में गया तो बेटा जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। आनन फानन में पिता बेटे को निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कमरे से रिवाल्वर को बरामद कर लिया है।
गांव जलालपुर प्रथम के निवर्तमान सरपंच रमेश कौशिक ने बताया कि उसके दो बेटे है। बड़ा बेटा सुनील और छोटा बेटा अनिल (29)। अनिल की इंसार बाजार में सरपंच कलेक्शन के नाम से रेडीमेड कपड़ों की दो दुकान है। शुक्रवार सुबह 9 बजे अनिल नहाकर दुकान पर जाने की तैयारी करने लगा। खाना खाकर अनिल छत पर बने कमरे में गया था।
साढ़े नौ बजे वह छत पर कमरा खुला देख उसे बंद करने के लिए गए। अंदर देखा तो बेटा जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। पहले उन्हें लगा कि जमीन पर गिरने के कारण सिर में चोट लग गई होगी। इसके बाद उन्होंने देखा कि उसके पास लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी थी। उन्होंने चेक किया तो कनपटी पर गोली लगी हुई थी। इसके बाद वह बेटे को सनौली रोड स्थित आईबीएम अस्पताल में लेकर गए जहां से उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया। इसके बाद वह बेटे को बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित प्रेम अस्पताल में लेकर गए जहां उपचार के दौरान बेटे की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सनौली थाना पुलिस और एसएसएल की टीम मौके पर पहुंची। रिवाल्वर को बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू की। वहीं दूसरी ओर पुलिस की दूसरी टीम सामान्य अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कार्रवाई शुरू की |