देश

दिल्ली में कोरोना की चौथी लहर पर लॉकडाउन की जरूरत नहीं : अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वीकार किया कि राजधानी दिल्ली में कोरोना की चौथी लहर चल रही है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि महामारी की चौथी लहर पिछली लहरों की तरह गंभीर नहीं है और इसलिए दिल्ली में किसी भी तरह के लॉकडाउन की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा पहले स्थिति की समीक्षा करेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो इस पर बातचीत के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा।
केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में COVID-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 3,583 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामलों में यह वृद्धि अब चौथी लहर है। हम इसे काबू करने के हरसंभव उपाय कर रहे हैं, चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर महीने में ICU में 1700 के करीब मरीज थे, लेकिन आज 800 है। तब 4000 मरीज प्रतिदिन आ रहे थे और 40 मौतें रोज हो रही थीं, लेकिन आज 7-8 मौतें हो रही हैं।
केजरीवाल ने कहा आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पूरी तर सतर्क है और संक्रमण रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। मौतें पहले से काफी कम हो रही हैं, लोगों को अस्पताल और ICU में बहुत कम भर्ती होना पड़ रहा है। राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर स्थिति की समीक्षा के लिए केजरीवाल के आवास पर शुक्रवार को एक इमरजेंसी बैठक बुलाई गई थी।