उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जनता को समर्पित किया बंधवाड़ी फ्लाईओवर !
गुरुग्राम: उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को गुरुग्राम में फरीदाबाद रोड पर स्थित बंधवाड़ी फ्लाईओवर जनता को समर्पित कर दिया। इसके निर्माण पर लगभग 11.5 करोड़ रुपये की लागत आई है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट बनने के बाद गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आइजीआइ) व जेवर एयरपोर्ट के बीच सबसे तेज रूट बनेगा। आने वाले दिनों में यह सड़क ट्रांसपोर्ट और ट्रेड को नया आयाम देगी। दुष्यंत ने कहा कि गुरुग्राम-फरीदाबाद के बीच गांव बंधवाड़ी के पास यह एक हाट स्पाट व क्रिटिकल टर्न था, जहां पर कई दुर्घटनाएं भी हुईं। यहां पर तीव्र मोड़ की वजह से लंबा यातायात जाम लग जाता था। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने 21 माह में इस फ्लाईओवर को तैयार करके फरीदाबाद-गुरुग्राम के बीच मुख्य चौराहे को जाम मुक्त बना दिया। उन्होंने कहा कि इस चौराहे के अलावा भी फरीदाबाद-गुरुग्राम मार्ग पर दो अन्य चौराहे और हैं, जिनका सुधारीकरण एनएचएआइ से बात करके करवाया जाएगा।
पिछले दिनों निर्माणाधीन द्वारका एक्सप्रेस-वे पर एक स्लैब गिरने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अभी उस एक्सप्रेस-वे पर निर्माण कार्य चल रहा है, ऐसे में घटनाएं हो जाती हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने इसका संज्ञान लेते हुए 10 सदस्यीय कमेटी बनाई है, जो लगभग 10 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी और अनियमितता मिलने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को गांव बंधवाड़ी में ग्रामीणों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार फरीदाबाद-गुरुग्राम के बीच मेट्रो रेल सेवा शुरू करने को लेकर काम कर रही है। यह सेवा जब शुरू होगी तो उस लाइन पर बंधवाड़ी भी एक स्टेशन बनेगा। उन्होंने इस गांव में खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की ग्रामीणों की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर गांव इसके लिए जमीन उपलब्ध करवा दे तो वहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने का वह व्यक्तिगत प्रयास करेंगे। उन्होंने गांव स्थित चौपाल के सुंदरीकरण के लिए निजी कोष से 21 लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने कोविड-19 संक्रमण को ध्यान में रखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
