जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : इलाके को मिले खोया हुआ सम्मान !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : उप मंडल का दर्जा मिलना फर्रुखनगर जैसे पिछडे क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा। इलाके के युवाओं के लिए रोजगार के द्वार तो खुल ही जाएंगे और विकास की बयार बहने से विकास की मुख्यधारा से भी जुड जायेगा।
जैन सभा फर्रुखनगर के अध्यक्ष विमल जैन, देशराज यादव, रामबीर यादव मुशैदपुर, रामनिवास सरपंच खुर्रमपुर, सुनील गुप्ता, हेमंत शर्मा आदि का कहना है कि फर्रुखनगर इलाका हर नजरीय से उप मंडल का अधिकार रखता है। इस ब्लॉक में जुडी 53 ग्राम पंचायतों, 500 से अधिक ढ़ाणियों, फर्रुखनगर शहर आदि में रहने वाली करीब ढाई लाख की आबादी को फर्रुखनगर में ही एक छत के नीचे सभी खंड, तहसील, न्याययिक , उप मंडल स्तरीय सरकारी सुविधाये मिलने लगेंगी। उन्हें पटौदी उप मंडल, जिला मुख्ययालय गुरुग्राम में 20 से 25 किलो मीटर की दूरी तय नहीं करनी पडेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा लोगों को सरकारी योजनाओं व सरकारी दफ्तरों की सुविधा मुहिया कराने के लिए गांवों को उप तहसील, नगर निगम, उप मंडल का दर्जा देने का अच्छा निर्णय लिया है। अगर फर्रुखनगर जैसे पिछडे इलाके को भी उप मंडल का दर्जा मिल जाये तो यहां रहने वाले लोगों को भी सरकार की विकास धारा में जुडने का लाभ मिलने लगेगा। उन्होंने बताया कि यह इलाका आजादी के बाद से ही उन्नति की दौड में पिछडता रहा है। यह इसकी राजनीतिक उपेक्षा को दर्शाता है। जबकि फर्रुखनगर का इतिहास उठा कर देखा जाये तो जिला गुरुग्राम में सबसे अधिक एतिहासिक गौरव इसी इलाके का दर्ज है। लेकिन पूर्व में बनी सरकारों और नेताओं ने कभी इस इलाके की उन्नति और उत्थान पर ध्यान नहीं दिया। आजादी के बाद से ही इस इलाके की उपेक्षा जारी रही है।
उन्होंने बताया कि फर्रुखनगर इलाके को उसका खोया सम्मान दिलाने के लिए लोगों द्वारा जो मुहिम चलाई गई है उसका सारा इलाका सर्मथन कर रहा है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि इस बार जनता द्वारा चुने सांसद, विधायक भी जनता को उसका सम्मान दिलाने के लिए मुहिम से जुडकर सरकार से मांग कर रहे है।