66केवी लाइन हटवाने के काम में अग्रणी रहे दीपचंद प्रधान का किया अभिनंदन

-पटेल नगर में यह लाइन हटवाने को वर्ष 2005 में शुरू हुए थे प्रयास
गुरुग्राम : पटेल नगर से 66केवी की विद्युत लाइन हटने पर पटेल नगर वासियों ने आरडब्ल्यूए प्रधान दीपचंद्र का स्वागत किया। पटेल नगर में यह लाइन काफी समय से परेशानी का सबब बनी हुई थी।
क्षेत्र के आजद सिंह, महेशचंद्र त्यागी, सुनील सिंह, दीपक शर्मा, सुमित, राधेश्याम ठेकेदार, प्रभपाल मैनेजर, योगेंद्र, कैप्टन हरविंद सिंह, प्रह्लाद सिंह, राम सिंह, हरिओम शर्मा, रामपाल सिंह ठेकेदार, विवेक बीएसएफ, सतबीर सिंह समेत क्षेत्र के अनेक लोगों ने दीपचंद का स्वागत और अभिनंदन किया। पटेल नगर क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पटेल नगर सुधार मंडल ने वर्ष 2005 से इस लाइन को हटाने के लिए प्रयास शुरू किए थे। मंडल के प्रधान दीपचंद इस कार्य के लिए हर स्तर तक जाकर मिले। राजनीतिक, सामाजिक स्तर पर उन्होंने इस मांग को उठाया। इनेलो सरकार में मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला, कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री भूपेंद्र ङ्क्षसह हुड्डा के कार्यकाल में दीपचंद के प्रयासों से 11000केवी की तीन लाइन हटाई गई थी। उसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल बाकी की लाइन को हटवाने के लिए मांग की गई। वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि नगर निगम से बिजली निगम को दी। सड़क दुर्घटना में घायल होकर एक साल तक मुख्यधारा से कटे रहे दीपचंद ने स्वस्थ होकर फिर से इस मुद्दे को उठाना शुरू किया। फिर कोरोना का दौर आया तो बाकी कार्यों के साथ यह काम भी अधूरा रह गया। इसके बाद उन्होंने बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला से मुलाकात की। सभी तरह के प्रयासों के बाद अब 66केवी की इस लाइन को अंडरग्राउंड करने का काम शुरू हो गया है। इसके अलावा 33केवी की लाइन को भी यहां से हटवाने के प्रयास हो रहे हैं। प्रधान दीपचंद ने कहा कि कालोनी के बीचों बीच जा रही बिजली की ये लाइनें लोगों के जीवन के लिए सदा खतरा बनी रहती हैं। लोगों ने अपने घरों की छतों पर जाना छोड़ दिया। भय के साये में लोग जी रहे थे। उन्होंने कहा कि जो लाइन बची है, उसे हटवाने के लिए भी अब प्रयास पुरजोर तरीके से शुरू होंगे।