गुरुग्राम में रेट तय किये तो बंद कर दी एम्बुलेंस सर्विस !
गुरुग्राम : गत सोमवार को जहां प्रदेश सरकार ने प्राइवेट एम्बुलेंस के रेट तय दिए और तय रेट से अधिक वसूल करने पर आरसी व लाइसेंस रद्द करने व गाड़ियां जब्त करने का नियम बना दिया तो मंगलवार को प्राइवेट एम्बुलेंस ऑपरेटर ने अपनी गाड़ियां नहीं चलाई। इसे वे हड़ताल नहीं कह रहे हैं, बल्कि उनका कहना है कि सरकार अधिक रेट वसूलने पर गाड़ियां जब्त करने की बात कह रही है, तो हम गाड़ियां चलाएंगे ही नहीं।
उन्हें अपनी गाड़ियां जब्त नहीं करवानी है। लेकिन जो रेट सरकार ने तय किए हैं, उसमें उनका खर्च तक नहीं निकलता। राष्ट्रीय एम्बुलेंस संचालक एसोसिएशन के पूर्व प्रधान विपिन कुमार जायसवाल ने बताया कि बीएलएस में 12 रुपए प्रति किलोमीटर हमारा डीजल का खर्च आता है, जबकि 7 रुपए रेट तय किया गया है। जबकि एएलएस एम्बुलेंस को चलाने का खर्च करीब इससे दोगुना होता है।
आरटीए हरेन्द्र पर आरोप लगाते हुए एसोसिएशन के महासचिव सुरेन्द्र तंवर ने बताया कि वह एम्बुलेंस संचालकों को सीधे धमकी दे रहे हैं। ऐसे में वे गाड़ियों को सड़कों पर कैसे चलाएं। सरकार के रेट तय करने में तुगलकी फरमान हैं, उनके खर्च को देखते हुए रेट तय करने चाहिए थे। प्राइवेट एम्बुलेंस नहीं चलने से गुरुग्राम में मरीज व तिमारदारों को काफी परेशानी हुई। कई मरीजों को अपनी निजी वाहनों से मरीजों को रेफर कराकर दूसरे अस्पतालों तक ले जाना पड़ा। वहीं डेडबॉडी अस्पतालों से शमशान तक ले जाने के लिए भी प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
