हरियाणा में दोहरा हत्याकांड, मौसा और भांजे की तेजधार हथियार से हत्या
पानीपत : आनंद विहार की गली नंबर दो में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। शनिवार की रात को तेजधार हथियार से मौसा 50 वर्षीय जोगिंद्र सिंह व 30 वर्षीय भांजे अरुण की हत्या तेजधार हथियार से कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी गंगाराम पुनिया व डीएसपी राजीव कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। लेकिन अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। एसपी का कहना है कि इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही दोहरे हत्याकांड को सुलझा लिया जाएगा।
जोगिंद्र सिंह ने देहादून से आए अपने भांजे अरुण के साथ शनिवार की रात को शराब पी थी। जबकि पास के कमरे में जोगिंद्र सिंह का पुत्र संजय सिंह था। संजय सिंह के अनुसार रात को वह सो गया था। सुबह उठा तो उसके कमरे की बाहर से कूंडी लगी थी। उसने कूंडी के अंदर से नट खोले और फिर दरवाजा खोलकर बाहर आया। उसने बगल में कमरे में देखा कि उसका पिता जोगिंद्र व मौसी का लड़का अरुण खून से लथपथ पड़े हुए हैं। उसने बाहर जाकर पड़ोसियों को बताया। इसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को मिली। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस व डीएसपी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गंगा राम पुनिया भी मौके पर पहुंच गए। संजय सिंह से मामले की जानकारी ली गई और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में भिजवा दिया गया। एसपी का कहना है कि जोगिंद्र सिंह व अरुण ने शनिवार की रात को शराब पी थी। उन पर तेजधार हथियार लगने के निशान हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि रात के समय उनके पास और कौन कौन आया था। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।