दो हजार रुपए की रंगदारी के लिए ऑटो मिस्त्री की हत्या !

फरीदाबाद : तिगांव थाना क्षेत्र के टीकाराम कॉलोनी में हुई ऑटो मिस्त्री की हत्या दो हजार रुपए की रंगदारी के लिए की गई। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी थी। अस्पताल में मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
हत्यारोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ गुड़गांव और फरीदाबाद के विभिन्न थानों में रंगदारी, लूटपाट और मारपीट के आधा दर्जन केस दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच डीएलएफ, ऊंचा गांव और तिगांव थाने की पुलिस लगी है।
हत्या करने वाला आरोपी नवीस पुत्र रामसिंह तिगांव का ही रहने वाला है। टीकाराम कालोनी निवासी संजय बल्लभगढ़ में ऑटो रिपेयरिंग का काम करता था। शनिवार शाम करीब छह बजे वह परिवार के साथ बैठा था। बेटे भूषण ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि तिगांव निवासी नवीस बुलेट पर दो अन्य साथी के साथ पहुंचा। उसने मेरे पापा संजय से दो हजार रुपए मांगे। उन्होंने इंकार कर दिया। इसी बात पर उसने पिस्टल निकाल कर संजय पर तीन फायर किए। इसके बाद हमलावर फरार हो गए।