हरियाणा हुआ शर्मसार : 13 साल की बच्ची से आठ युवकों ने पांच दिन तक किया गैंग रेप !

कैथल : जिले के एक गांव निवासी 13 साल की किशोरी ने आठ युवकों पर पांच दिन तक नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल करवाने के बाद आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। परिजनों की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक 9 मई को परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे।
10 मई की सुबह उन्हें बेटी घर में नहीं मिली तो उन्होंने इस मामले में लड़की को अगवा करने का केस दर्ज कराया था। 15 मई को सुबह जब दर्दनाक स्थिति में उनकी बेटी घर पहुंची तो परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी। उसने बताया कि 9 मई को एक लड़का उसे मुंह दबाकर घर से उठाकर ले गया। इसके बाद आठ लड़कों ने उससे खेत में ले जाकर पांच दिनों तक दुष्कर्म किया। हालात बिगड़ने पर आरोपी उसे शनिवार सुबह गांव के मंदिर के पास फेंककर फरार हो गए।
कलायत थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि परिजनों ने किशोरी के लापता होने की शिकायत दी थी। उसी समय अपहरण के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया था। अब परिजनों की शिकायत के अनुसार केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।