डिजिटली आयोजित होगा वर्ल्ड प्रेस डे : अमित नेहरा
गुरुग्राम : देश भर में कोहराम मचा रहे कोरोना के चलते एनसीआर मीडिया क्लब ने विश्व प्रेस दिवस पर डिजिटल माध्यम से कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया है। यह जानकारी क्लब के प्रेसिडेंट अमित नेहरा ने दी। उन्होंने कहा है इस समय सोशल डिस्टेंसिंग और आइसोलेशन ही लोगों की जान बचा सकते हैं। सोमवार यानी 3 मई को विश्व प्रेस दिवस पर क्लब का फोकस इन सावधानियों का प्रचार-प्रसार करने पर रहेगा।
अमित नेहरा ने बताया कि एनसीआर मीडिया क्लब हर साल विश्व प्रेस दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करता है। लेकिन पिछले वर्ष भी देशव्यापी लॉकडाउन के चलते इसे ऑनलाइन आयोजित किया गया। इस साल चाहे बेशक इस समय लॉकडाउन नहीं है मगर कोरोना ने पूरे देश में कोहराम मचा रखा है। हजारों जिंदगियां इस क्रूर बीमारी की भेंट चढ़ गई हैं जिनमें अनेक पत्रकार और उनके प्रियजन भी शामिल हैं। नेहरा के अनुसार इसको मद्देनजर रखते हुए क्लब की कार्यकारिणी ने फैसला लिया है कि विश्व प्रेस दिवस को डिजिटली यानी ऑनलाइन मनाया जाएगा। विश्व प्रेस दिवस के अवसर पर क्लब के सभी सदस्य आपस में ऑनलाइन जुड़ेंगे और चर्चा करेंगे कि देश के नागरिकों को इस आपदा से कैसे बचाया जाए।
अमित नेहरा के अनुसार एनसीआर मीडिया क्लब नागरिकों के जानमाल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। विश्व प्रेस दिवस पर सभी सदस्यों को प्रेरित किया जायेगा कि वे आम आदमी की किस प्रकार सहायता कर सकते हैं। अमित नेहरा ने अपील की है कि सभी लोग कड़ाई के साथ स्वेच्छा से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, जो संक्रमित हैं उन्हें उचित तरीके से आइसोलेशन में रखा जाए। सबसे बड़ी बात यह है कि इस संकटकाल में आक्सीजन व जीवनरक्षक दवाओं की कालाबाजारी न करें। आपदा को अवसर मत बनाइये, आपदा में सहायता कीजिए।
