अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हरियाणा की महिला विधायक चलाएंगी सदन
चंडीगढ़ : आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस बार हरियाणा की महिला विधायक सदन चलाएंगी। आज बजट सत्र में स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने सदन में यह घोषणा की। पांच महिला विधायक सीमा त्रिखा, निर्मल रानी, नैना चौटाला, गीता भुक्कल और किरण चौधरी चेयरपर्सन नियुक्त की गई हैं। सभी महिला सदस्यों को अपनी बात रखने का अधिक से अधिक मौका दिया जाएगा।
शुक्रवार को सदन में कांग्रेस के एपीएमसी एक्ट में संशोधन के निजी विधेयक को रद्द करने पर बहस हुई। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा और मुख्य सचेतक बीबी बत्रा ने आपत्ति जताई और निरस्तीकरण को गलत बताया। इस पर सीएम मनोहर लाल ने पलटवार किया और कहा कि 2008 में एपीएमसी एक्ट में आपने ही धारा-42 जोड़ी थी। कांग्रेस विधायकों ने सदन में शोर शराबा भी किया।
कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा और स्पीकर में तीखी बहस हो गई। इस कारण सदन न चलने पर कार्यवाही सोमवार दोपहर 3 बजे तक स्थगित कर दी गई।