मेयर मधु आजाद की मौजूदगी में वार्ड-15 में लगाया गया जनता दरबार
-नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों के बीच पहुंचकर सुनी जन शिकायतें
गुरुग्राम : मेयर मधु आजाद की मौजूदगी में वार्ड-15 में मंगलवार को जनता दरबार लगाया गया। इस मौके पर निगम पार्षद सीमा पाहुजा की मौजूदगी में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त जितेन्द्र कुमार व कार्यकारी अभियंता तुषार यादव सहित अन्य अधिकारियों ने जन शिकायतें सुनी तथा मौके पर हल हो सकने वाली शिकायतों का समाधान करने की कार्रवाई तुरंत ही शुरू की गई। जिन शिकायतों का समाधान लम्बे समय में किया जाना है, उनके बारे में कार्रवाई शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
मेयर मधु आजाद ने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी शिकायतों के बारे में जानकारी लेकर उनका समाधान करने के उद्देश्य से जनता दरबार आयोजित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जन शिकायतों का समाधान जल्द से जल्द करवाएं। अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कोताही बरतता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने हेतु हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज को अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मुद्दों एवं शिकायतों के समाधान में कोताही बिलकुल भी ना की जाए। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दी गई शिकायतों में से तुरंत हल हो सकने वाली शिकायतों का समाधान तुरंत ही किया जाएगा तथा जिन शिकायतों के समाधान में लम्बा समय लगना है, उस बारे में प्रक्रिया शुरू करने के आदेश अधिकारियों को दिए गए हैं।
निगम पार्षद सीमा पाहुजा ने मेयर मधु आजाद, संयुक्त आयुक्त जितेन्द्र कुमार सहित नगर निगम के अन्य अधिकारियों का स्वागत किया तथा उपस्थित वार्ड निवासियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। नगर निगम का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिलें। इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।