प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होंगे : चौधरी ओम प्रकाश चौटाला
सिरसा : इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने कहा है कि प्रदेश की राजनीति में जिस तरह के हालात बन रहे हैं, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश की जनता को 2024 के चुनाव का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होंगे।
चौटाला सोमवार को सिरसा रोड स्थित ताऊ देवीलाल सदन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ऐलनाबाद में तीन मार्च को होने वाली जनसभा के लिए निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि सभी इनेलो कार्यकर्ता एकजुट होकर रूठों को मनाएं,भटके हुए को पार्टी से जोड़कर संगठन को मजबूत करने का काम करें। आज जाति-पाति, धर्म, मजहब से ऊपर उठकर 36 बिरादरी के लोग इकट्ठे होकर किसान आंदोलन के माध्यम से इन तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इस कुशासन से छुटकारा चाहते हैं। इनेलो किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि वे रास्ता भटके और रूठे हुए लोगों को मनाकर वापस पार्टी में शामिल कर लें। हमारा किसी से द्वेष नहीं है। हमारा तो एक लक्ष्य है कि चौधरी देवीलाल के सपनों को साकार करें। चौटाला ने कहा कि किसानों को अपना विरोध प्रकट करते हुए तीन महीने से अधिक हो गए, लेकिन भाजपा सरकार किसानों की आवाज को सुनने और उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय उन पर केवल अत्याचार ही कर रही है। भाजपा सरकार को चाहिए कि किसानों की मांगों को शीघ्र मानते हुए इन तीनों कृषि कानूनों को वापस ले।