हरियाणा में पूर्व फौजी संभालेंगे जेलों की सुरक्षा !
-भर्ती के लिए 16 जनवरी से प्रदेश की 13 जिला जेलों में साक्षात्कार
चंडीगढ़ : हरियाणा की जेलों में पूर्व सैनिकों की भर्ती होगी। प्रदेश की विभिन्न 13 जिलों में जेल वार्डर के 218 पदों पर पूर्व फौजियों को वालिएंटर के तौर पर नियुक्त किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया 16 जनवरी से शुरू होगी। इसके लिए सभी संबंधित जेल अधीक्षकों को हिदायतें जारी की गई हैं। जेलों में नियमित भर्ती की जगह पूर्व सैनिकों की कांट्रेक्ट आधार पर भर्ती करने से सरकार पर आर्थिक बोझ कम पड़ता है। साथ ही, फौजियों के अनुभव और अनुशासन का फायदा जेलों में मिलता है। जेल मंत्री रणजीत सिंह ने इस बाबत जेल विभाग के महानिदेशक के़ सेल्वराज को निर्देश दिए थे।
के़ सेल्वराज द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मुहर लगा चुके हैं। इसी के बाद जेल अधीक्षकों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। 16 जनवरी से प्रदेश की 13 जिला जेलों में साक्षात्कार शुरू होंगे। पूर्व सैनिकों को एक साल के लिए ‘वालंटियर जेल वार्डर’ के रूप में भर्ती किया जाएगा। हरियाणा की जेलों में कर्मचारियों का अभाव लंबे समय से बना हुआ है।
हरियाणा की जेलों में c के लिए किसी तरह की लिखित परीक्षा तथा शारीरिक मापतोल का आयोजन नहीं किया जाएगा। इस पद के लिए सेना अथवा केंद्रीय पुलिस बल में सेवा कम से कम पांच वर्ष की होनी चाहिए। सबसे अधिक 58 जेल वार्डर रेवाड़ी की जिला जेल में तैनात किए जाएंगे। गुरुग्राम स्थित भोंडसी जिला जेल में 48 तथा हिसार जिला जेल में 39 तथा फरीदाबाद की जिला जेल में 33 वालंटियर जेल वार्डर भर्ती किए जाएंगे। इसके अलावा अम्बाला, जींद, कैथल, करनाल, नारनौल, पानीपत, रोहतक, सोनीपत तथा यमुनानगर की जेलों में भी वालंटियर वार्डर तैनात किए जाएंगे। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह भर्ती एक साल के लिए की जाएगी। इसके बाद इसका विस्तार भी हो सकता है। वालंटियर वार्डरों को सरकार द्वारा 18 हजार रुपए मासिक एकमुश्त दिए जाएंगे। ड्यूटी के दौरान वालंटियर जेल वार्डर अगर किसी हादसे का शिकार होता है और उसकी मृत्यु होती है तो उसके आश्रितों को दस लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। डयूटी के दौरान स्थाई विकलांग होने पर एक से तीन लाख रुपए सहायता के रूप में दिए जाएंगे।