भाजपा सरकार हम दो हमारे दो की सरकार है : कैप्टेन अजय सिंह यादव
पदौदी (नरेश शर्मा) : कृषि के तीन काले कानून, मंहगाई, पेट्रोल डीजल और रसोई गैस के बढते दाम व बेराजगारी के खिलाफ पटौदी विधानसभा के हेलीमंडी में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्य रूप से पूर्व मंत्री कैप्टेन अजय सिंह यादव, सुधीर चौधरी और गुडगांव जिले के प्रभारी हरपाल सिंह बुरा उपस्थित रहे। यहां पूरे बाजार से निकलते हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की।
कैप्टेन अजय सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की मौजूदा सरकार हम दो हमारे दो की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों मिलकर अपने दो दोस्तों के फायदा के लिए देश को बेचने में लगे हुए हैं। श्री यादव ने कहा कि आए दिन पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम बढ रहे हैं। पिछले 7 साल से देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। पिछले 7 साल में कोई भी ऐसा कार्य भाजपा ने किया हो जो जनहित में हो तो बताऐं। कभी नोटबंदी तो कभी जीएसटी तो कभी लॉकडाउन और अब कृषि के तीन काले कानून जैसे तुगलकी फरमान भाजपा सरकार जनता को थौंपने में लगी है। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी यह माना है कि कृषि के तीन काले कानूनों को जनता को थौंपा गया है। कैप्टेन अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया, देश में हरित क्रांति लेकर आई। किसी समय में दूसरे देश से अनाज लाया जाता था लेकिन आज के समय में हमारे देश में इतना अनाज होता है कि हम दूसरे देश से अनाज दे सकते हैं। यह सब कांग्रेस की देन है। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार ने 7 साल में ही आधे देश को बेच दिया। भारतीय रेलवे, एलआईसी, बीएसएनएल, ऐयरपोर्ट, बंदरगाह के अलावा लाल किला तक बेच दिया।
हरपाल सिंह बुरा ने कहा कि पूरे देश में किसान जगह-जगह इन कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत हैं। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। सरकार किसानों की मांगें मानकर इन तीनों काले कानूनों को निरस्त करे और न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी का कानून बनाए। उन्होंने कहा कि कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ इस लडाई में एक तरफ भाजपा सरकार और इनके चंद पूंजीपति मित्र हैं, जबकि दूसरी तरफ पूरा देश है जो 60 करोड से ज्यादा किसानों और कृषि क्षेत्र से जुडे करोडों मजदूरों के साथ खडा है। भाजपा सरकार द्वारा इस आंदोलन को कुचलने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन कृषि कानूनों के विरोध में देश का किसान एकजुट है। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान ने इन कानूनों की मांग नहीं की थी। इन कानूनों की मांग भाजपा सरकार के कुछ चुनिंदा पूंजीपति मित्रों की होगी, जो केवल मुनाफा नहीं मुनाफाखोरी करते हैं। किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वायदा कर सरकार बनाने वाली भाजपा ने किसान की आय को कम करने के साथ ही अब इन कानूनों के जरिए उन्हें गुलाम बनाने का पूरा प्रबंध कर लिया है।
सुधीर चौधरी ने कहा कि देश के अन्नदाता ने इस तानाशाही सरकार के खिलाफ आवाज उठाई है। जिसमें बढचढ कर हिस्सा लें क्योंकि ये लडाई अन्नदाताओं की नही है बल्कि आम आदमी की लडाई है। उन्होंने कहा कि कृषि के काले कानून लागू होने से पूंजीपतियों का बोलबाला हो जाएगा, आढती भाग जाएगें, मध्यम वर्ग के जो किसान और व्यापारी हैं उनका माल लेने के लिए इस देश में कोई नही मिलेगा। स्टॉक लीमिट पर प्रतिबंध खत्म करने से ब्लैक मार्केटिंग होगी, जिसके चलते दाल, चावल, चीनी मनमानी दाम पर बडे पूंजीपति लोग आम जनता को देगें। उन्होंने कहा कि कांट्रेक्ट फारमिंग से किसान भाई का न्यायालय जाने के रास्ते बंद कर दिए।