सरल केंद्र की महिला कर्मी ने की आत्‍महत्‍या, सुसाइड नोट में लिखा-जान देने के लिए मजबूर करने वाले कर्मचारियों को मिले सख्त सजा !

जींद : जींद के उचाना में सरल केंद्र की महिला कर्मी ने आत्‍महत्‍या कर ली। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें महिला ने प्रताड़ना और गलत काम को लेकर दबाव का जिक्र किया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर एसडीएम सहित 12 लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
उचाना सरल केंद्र में कार्यरत खटकड़ गांव निवासी महिला भतेरी ने वीरवार रात अपने घर जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले महिला ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। साथ ही उसने मोबाइल में वीडियो भी बनाया है, जिसमें कार्यालय के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुसाइड नोट में महिला ने एसडीएम कार्यालय के ही स्टाफ में से कुछ लोगों पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। लिखे सुसाइड नोट में महिला ने आरोप लगाया है कि कार्यालय में उस पर गलत तरीके से काम करने के लिए दबाव बनाया जाता था। उक्त कर्मचारी खुद के काम भी उसी से करवाते थे। काफी समय से डर के मारे वह उनके काम करती रही। इससे वो काफी परेशान थी।
इस बारे में उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा चुकी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वीरवार को भी किसी ने उसका यूजर आइडी खोल कर ऑनलाइन पेमेंट काट दी। उसका मोबाइल घर पर था, इसलिए उसे उस समय पता नहीं चला। बार-बार प्रताड़ना से दुखी होकर वह अपने बच्चों को छोड़कर जान देने पर मजबूर हुई। सुसाइड नोट में कई कर्मचारियों का नाम लिखा हुआ है, जिन पर गलत कामों के लिए लोगों से पैसे भी लेने के आरोप लगाते हुए प्रशासन से जांच की भी मांग की। साथ ही लिखा कि उसे प्रताड़ित करने वाले और जान देने के लिए मजबूर करने वाले कर्मचारियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। महिला के पति दिनेश ने बताया कि भतेरी एसडीएम कार्यालय में डीसी रेट पर कंप्यूटर ऑपरेटर लगी थी। नागरिक अस्पताल में महिला के शव का पोस्टमार्टम होगा।