केंद्रीय मंत्री वीके सिंह के पूर्व राजनीति सलाहकार गिरफ्तार

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री और गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र से सांसद वीके सिंह के पूर्व प्रतिनिधि और पूर्व राजनीति सलाहकार डॉ. एसपी सिंह को गाजियाबाद पुलिस ने शनिवार को एक बार गिरफ्तार किया है। एसपी सिंह को बीते साल थाना सिहानी गेट पुलिस ने चंदा के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
यहां पर बता दें कि शंभू प्रसाद सिंह को जमानत मिलने के बाद थाना कविनगर पुलिस ने उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। एसपी सिटी प्रथम अभिषेक वर्मा ने बताया कि गैंगस्टर में केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था। शनिवार सुबह पुलिस ने कविनगर क्षेत्र से आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बताया जा रहा है कि शंभू प्रसाद सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, रंगदारी मांगने और फर्जीवाड़े की धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित ने पूर्व में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं से मंत्रालय में लगवाने के नाम पर गाड़ी लेकर हड़प ली थी। इसके अलावा उस पर प्रतिनिधि के पद से हटाए जाने के बाद भी एसपी सिंह ने केंद्रीय मंत्री के लेटरहेड का दुरुपयोग कर क्षेत्रवासियों से अवैध वसूली करने का आरोप है। इतना ही नहीं भाजपा नेता से औद्योगिक संस्था में पद दिलाने के नाम पर पार्टी के लिए तीन लाख रुपये का चंदा लेने का भी आरोप है।
गौरतलब है कि शंभू प्रसाद सिंह के खिलाफ सबसे पहले मार्च-2019 में केंद्रीय मंत्री के पर्सनल सेक्रेटरी ने एसपी सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी सिंह की बेटी आरुषि के खिलाफ भी मुकदमे से बचाने के लिए फुफेरे भाई पल्लव से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और पैसे न देने पर धमकी देने के आरोप में थाना कविनगर में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसमें आरुषि को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *